जालना में सनसनी: संत गजानन हॉस्पिटल में नाइट ड्यूटी पर गए युवक का खून से लथपथ शव मिला
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका, पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी

जालना/कादरी हुसैन
जालना शहर के संत गजानन हॉस्पिटल में रविवार को एक युवक का खून से लथपथ शव मिलने से पूरे शहर में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान अमोल राजेंद्र दोडके (उम्र लगभग 35 वर्ष) के रूप में हुई है, जो अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर विभाग में कार्यरत था।
मिली जानकारी के अनुसार अमोल दोडके शनिवार रात रोज़ की तरह नाइट ड्यूटी के लिए अस्पताल गया था, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटा। परिजनों ने कई बार उसके मोबाइल फोन पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन फोन बंद आने से परिवार की चिंता बढ़ गई। शुरुआत में परिजनों ने सोचा कि नाइट शिफ्ट के कारण देर हो रही होगी।
रविवार सुबह तक कोई संपर्क नहीं होने पर परिवार के लोग सीधे अस्पताल पहुंचे। वहां पहुंचकर उन्होंने जो दृश्य देखा, उससे सभी स्तब्ध रह गए। अस्पताल परिसर में अमोल दोडके का शव फर्श पर खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। इस घटना की खबर फैलते ही अस्पताल परिसर और आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि अमोल दोडके को ऑपरेशन थिएटर के काम का करीब 15 वर्षों का अनुभव था और पिछले एक महीने से वह संत गजानन हॉस्पिटल के सर्जरी विभाग में कार्यरत था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा की कार्रवाई शुरू की। शव को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया गया है।
इस मामले में उपविभागीय पुलिस अधिकारी अनंत कुलकर्णी ने बताया कि फिलहाल मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारण सामने आएगा। पुलिस अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है और कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है।
वहीं अस्पताल प्रशासन की ओर से घटना को लेकर स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आने के कारण परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। इस घटना के बाद शहर में यह चर्चा तेज हो गई है कि यह मामला दुर्घटना, आत्महत्या या फिर हत्या का है।
इस रहस्यमय मौत ने पूरे जालना शहर को झकझोर कर रख दिया है। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही इस सनसनीखेज घटना की सच्चाई सामने आ सकेगी।