पुणे–सोलापुर हाईवे पर भीषण हादसा: तीन मजदूरों की मौत, कई घायल

पुणे/प्रतिनिधि
पुणे–सोलापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर इंदापुर तालुका के लोनी देवकर एमआईडीसी क्षेत्र में आज सुबह एक भीषण सड़क हादसा हुआ। इस दुर्घटना में तीन मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, मजदूरों को लेकर जा रही एक क्रूजर गाड़ी का टायर अचानक फट गया, जिससे चालक का वाहन पर नियंत्रण बिगड़ गया। अनियंत्रित वाहन डिवाइडर पार करते हुए सामने से आ रहे ट्रक से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि क्रूजर गाड़ी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय नागरिक और हाईवे पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का विस्तृत पता लगाया जा रहा है। इस घटना के बाद इलाके में शोक और दहशत का माहौल है।
