जालना बस स्टैंड क्षेत्र में चोरी करने वाले 4 शातिर आरोपी गिरफ्तार, ₹92,470 का माल बरामद; 10 चोरी व घरफोड़ियों का खुलासा

जालना/कादरी हुसैन
जालना शहर के बस स्टैंड परिसर और आसपास के क्षेत्रों में लगातार हो रही चोरी और घरफोड़ियों के मामलों का पर्दाफाश करते हुए स्थानीय अपराध शाखा (एलसीबी) ने चार शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल ₹92,470 कीमत का चोरी का माल बरामद किया है तथा उनके द्वारा किए गए 10 चोरी और घरफोड़ियों के मामलों का खुलासा किया गया है।
जिले में चोरी और घरफोड़ियों के मामलों को उजागर करने के लिए पुलिस अधीक्षक श्री अजय कुमार बंसल ने स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक श्री पंकज जाधव को विशेष कार्रवाई के निर्देश दिए थे। उनके मार्गदर्शन में एलसीबी की टीम गठित कर जांच शुरू की गई।
गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई
दिनांक 16 मार्च 2026 को चोरी और घरफोड़ियों के आरोपियों की तलाश के दौरान गुप्त मुखबिर से जानकारी मिली कि निवृत्ती सुभाष शेलार (36 वर्ष, निवासी रमाबाई नगर, जालना) और उसके साथियों ने बदनापुर तालुका के सेलगांव से एक व्यक्ति की बैग चोरी की है तथा बस स्टैंड परिसर में भी कई चोरी की घटनाएं की हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस ने तलाश अभियान चलाया और खडकेश्वर महादेव मंदिर – राजाबाग सवार दरगाह परिसर के पास से 1)निवृत्ती सुभाष शेलार (36) निवासी रमाबाई नगर, जालना,
2)विकास उर्फ खारट अशोक गायकवाड (31) निवासी लालबाग,जालना ।को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने बैग चोरी की घटना कबूल की और बताया कि चोरी की बैग उनके साथी
3) रवि उर्फ सोनू दत्तू गायकवाड (34) निवासी कैकाडी मोहल्ला, जालना
4)अशोक रावसाहेब लंगोटे (29) निवासी शास्त्री मोहल्ला, हाल निवासी इंदेवाड़ी, जालना के पास है।
इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से एक बैग बरामद हुई जिसमें श्रीकांत दत्तात्रय कोल्हे (22), निवासी गोळेगाव, तालुका देऊळगावराजा का पर्स, ₹2270 नकद, आधार कार्ड, पैन कार्ड और मतदाता पहचान पत्र मिला।
इस संबंध में बदनापुर पुलिस स्टेशन में अपराध क्रमांक 106/2026, धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज है।
बस स्टैंड क्षेत्र की कई चोरियों का खुलासा
आगे की पूछताछ में आरोपियों ने पिछले 12 महीनों में जालना बस स्टैंड परिसर में 8 चोरी की घटनाएं करने की बात स्वीकार की, जो सदर बाजार पुलिस स्टेशन में दर्ज हैं।
कॉलेज से 10 लैपटॉप चोरी का भी खुलासा
पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपी निवृत्ती शेलार ने बताया कि नवंबर 2025 में बंद पड़े किंग्स कॉलेज ऑफ बीसीए-बीबीए, हरिओम नगर, पुराना जालना में रात के समय उसने अपने साथी अशोक लंगोटे के साथ मिलकर 10 लैपटॉप चोरी किए थे।
इस मामले में कदीम जालना पुलिस स्टेशन में अपराध क्रमांक 832/2025 दर्ज है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से ₹30,000 कीमत के डेल कंपनी के 3 लैपटॉप बरामद किए हैं, जबकि बाकी सामान के बारे में आरोपी टालमटोल जवाब दे रहे हैं।
चोरी में इस्तेमाल बाइक भी जब्त
पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी करने में इस्तेमाल की गई ₹60,000 कीमत की बिना कागजों वाली हीरो HF डिलक्स मोटरसाइकिल भी जब्त की है।
इस प्रकार पुलिस ने कुल ₹92,470 कीमत का चोरी का माल बरामद किया है।
आरोपियों पर पहले से गंभीर अपराध दर्ज
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों पर पहले से ही हत्या के साथ लूट, डकैती, जबरन चोरी, घरफोड़ियां और मारपीट जैसे गंभीर अपराध विभिन्न पुलिस थानों में दर्ज हैं।
पुलिस टीम की कार्रवाई
यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अजय कुमार बंसल, अपर पुलिस अधीक्षक आयुष नोपाणी और उपविभागीय पुलिस अधिकारी अनंत कुलकर्णी के मार्गदर्शन में स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक पंकज जाधव, सहायक पुलिस निरीक्षक सचिन खामगळ, राजेंद्र वाघ तथा एलसीबी के पुलिस कर्मचारियों की टीम ने अंजाम दी।
