आज दि 04/05/26 से जालना वक्फ बोर्ड कार्यालय का नया ठिकाना, कलेक्टर कार्यालय में हुआ शिफ्ट

जालना/कादरी हुसैन
महाराष्ट्र राज्य वक्फ बोर्ड के जालना जिला कार्यालय को दिनांक 04/05/26 से आधिकारिक रूप से स्थानांतरित कर दिया गया है। अब यह कार्यालय जिला कलेक्टर कार्यालय की प्रशासनिक इमारत की दूसरी मंजिल (सभागृह क्र. 488) में कार्यरत हो गया है। इस संबंध में जानकारी जारी करते हुए नागरिकों से नए पते पर संपर्क करने की अपील की गई है।
इससे पहले जालना जिला वक्फ बोर्ड का कार्यालय भाजी मंडी कादराबाद में कई वर्षों तक संचालित हो रहा था। बाद में भवन जर्जर होने के कारण इसे काली मस्जिद परिसर के पास स्थानांतरित किया गया था। हालांकि, वहां हर बारिश में पानी भरने की गंभीर समस्या सामने आती थी, जिससे कार्यालय में पानी घुस जाता था और महत्वपूर्ण रिकॉर्ड व सरकारी दस्तावेजों को नुकसान पहुंचता था। यह समस्या लंबे समय से प्रशासन के लिए चिंता का विषय बनी हुई थी।
इस मुद्दे को जालना के खासदार टाइम्स के प्रतिनिधि कादरी हुसैन ने प्रमुखता से उठाया। उनके प्रयासों के बाद वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष समीर काज़ी साहब और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्यालय को स्थानांतरित करने का निर्णय लिया।
अब 04/05/26 से कार्यालय कलेक्टर कार्यालय में शिफ्ट हो जाने के बाद दस्तावेजों की सुरक्षा, कार्यप्रणाली में सुधार और नागरिकों को बेहतर सेवाएं मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
हालांकि, जालना जिले में वक्फ की बड़ी संख्या में संपत्तियां होने के बावजूद एक स्वतंत्र और सुरक्षित भवन का अभाव अब भी चर्चा का विषय बना हुआ है।
इस संबंध में जालना जिला वक्फ अधिकारी शेख सलमान शेख गनी साहब ने बताया कि महाराष्ट्र वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष समीर काजी साहब तथा मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) के विशेष प्रयासों, मेहनत और मार्गदर्शन से यह स्थानांतरण संभव हो सका। उन्होंने कहा कि कलेक्टर कार्यालय में स्थान उपलब्ध कराने हेतु आवश्यक पत्र-व्यवहार और प्रक्रियाओं को पूरा करने में लगभग 6 से 7 महीने का समय लगा, जिसके पश्चात उन्हें कार्यालय स्थानांतरण का आदेश प्राप्त हुआ।
इस अवसर पर जालना जिला वक्फ बोर्ड के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित थे, जिनमें जिला वक्फ अधिकारी (DWO) शेख सलमान शेख गनी, लिपिक रेहान सामेन हाशमी, मोहम्मद इमरान, अतीक खान अजीज खान तथा मोहम्मद तौकीर सज्जाद शामिल रहे।
अधिक जानकारी के लिए नागरिक जालना जिला वक्फ बोर्ड के दूरभाष नंबर 9175140740 पर संपर्क कर सकते हैं। साथ ही शेख सलमान शेख गनी साहब ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने सभी कार्यों के लिए अब नए कार्यालय (कलेक्टर कार्यालय) में ही संपर्क करें।
