Breaking NewsJalna

जालना में सार्वजनिक संपत्ति से छेड़छाड़ –मोती बाग चौपाटी में गरुड़ प्रतिमा को नुकसान, वीडियो वायरल

जालना/कादरी हुसैन

जालना शहर के चंदनजीरा थाना क्षेत्र में सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का गंभीर मामला सामने आया है। मोतीबाग (एमएच-21 चौपाटी) स्थित गरुड़ प्रतिमा के साथ अज्ञात युवक द्वारा की गई तोड़फोड़ के बाद मामला दर्ज किया गया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से शहर में आक्रोश का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जालना महानगरपालिका में कार्यरत सफाई कर्मचारी आरेफ बेग वहीद बेग (उम्र 41 वर्ष) ने चंदनजीरा पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने अपनी शिकायत में बताया कि महानगरपालिका द्वारा स्वच्छता अभियान के अंतर्गत मोतीबाग तलाव परिसर में गरुड़ प्रतिमा स्थापित की गई थी।

शिकायत के अनुसार, दिनांक 1 मई 2026 सुबह 11:00 बजे से 4 मई 2026 सुबह 10:00 बजे के बीच किसी अज्ञात युवक (उम्र लगभग 20 से 25 वर्ष) ने प्रतिमा पर चढ़कर उसे नुकसान पहुंचाया। आरोपी ने इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

जब शिकायतकर्ता और उनके सहकर्मी मौके पर पहुंचे, तो उन्होंने पाया कि गरुड़ प्रतिमा के रंग और मूल ढांचे को गंभीर नुकसान पहुंचा है। यह कृत्य जानबूझकर सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की नीयत से किया गया बताया गया है।

पुलिस ने इस मामले में सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम 1984 तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 324(3) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। यह एफआईआर क्रमांक 0261/2026 दिनांक 4 मई 2026 को दोपहर 2:38 बजे दर्ज की गई।

मामले की जांच हेड कॉन्स्टेबल मंसुभराव विटल को सौंपी गई है। पुलिस अज्ञात आरोपी की तलाश में जुट गई है और वायरल वीडियो के आधार पर पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
इस घटना के बाद स्थानीय नागरिकों में नाराजगी देखने को मिल रही है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा दी जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button