AurangabadBreaking NewsJalna

NH-52 धुले–सोलापुर हाईवे पर मिनी बस पलटी, 4 गंभीर घायल; 16 यात्री सवार थे

जालना/कादरी हुसैन

जालना जिले के अंबड तालुका अंतर्गत भारसवाडा फाटा के पास NH-52 (धुले–सोलापुर हाईवे) पर रविवार (03 मई 2026) की शाम एक भीषण सड़क दुर्घटना में मिनी बस पलटने से 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि 4 अन्य को हल्की चोटें आई हैं। वाहन में कुल 16 यात्री सवार थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह हादसा शाम करीब 4:30 से 5:00 बजे के बीच हुआ। मॅक्स कैब मिनी बस (क्रमांक TS-07UH-3647) अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई और पलट गई। दुर्घटना का कारण चालक द्वारा वाहन पर नियंत्रण खो देना बताया जा रहा है।
घटना की सूचना शाम 6:40 बजे पुलिस को मिली। इसके बाद पुलिस उपनिरीक्षक एस.एम. टाकरस व एएसआई मिसाळ ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत एम्बुलेंस द्वारा छत्रपती संभाजीनगर (औरंगाबाद) इलाज के लिए भेजा गया।
गंभीर रूप से घायल यात्रियों की पहचान श्रावंती, अनिल कुमार, जगदीश और अंकुश (सभी निवासी तेलंगाना, हैदराबाद) के रूप में हुई है। वहीं 4 अन्य यात्री मामूली रूप से घायल हुए हैं, जिनके नाम उपलब्ध नहीं हो सके हैं। दुर्घटना में 8 यात्रियों को किसी प्रकार की चोट नहीं आई।

दुर्घटनाग्रस्त वाहन को क्रेन की मदद से हटाकर भारसवाडा फाटा स्थित एक होटल के सामने खड़ा किया गया है। इस घटना के कारण कुछ समय के लिए स्थिति तनावपूर्ण रही, हालांकि यातायात पूरी तरह से सुचारू बना रहा।
मामले की आगे की जांच और कार्रवाई गोंदी पुलिस थाने द्वारा की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button