जालना में गुणरत्न सदावर्ते की गाड़ी पर मनसे कार्यकर्ताओं का हल्लाबोल, ऑयल और सुपारी फेंककर जताया विरोध; विशाल कॉर्नर परिसर में तनावपूर्ण माहौल

जालना/कादरी हुसैन
आज दिनांक 9 शनिवार को दोपहर चार बजे प्राप्त जानकारी के अनुसार, जालना शहर में आज राजनीतिक माहौल काफी गरमाया हुआ दिखाई दिया। अधिवक्ता गुणरत्न सदावर्ते की गाड़ी पर महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के कार्यकर्ताओं ने ऑयल और सुपारी फेंककर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। यह घटना शहर के विशाल कॉर्नर क्षेत्र में हुई, जिससे कुछ समय के लिए इलाके में तनावपूर्ण स्थिति निर्माण हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अधिवक्ता सदावर्ते आज जालना जिले के दौरे पर आए थे। इसी दौरान विशाल कॉर्नर परिसर में मनसे कार्यकर्ताओं ने उनके काफिले को रोक लिया। बताया जा रहा है कि कुछ दिनों पहले सदावर्ते द्वारा मनसे प्रमुख राज ठाकरे पर की गई टिप्पणी के विरोध में कार्यकर्ता आक्रामक हो गए थे।
इस दौरान नाराज मनसे कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी करते हुए सदावर्ते के वाहन पर ऑयल और सुपारी फेंकी। अचानक हुई इस घटना से परिसर में अफरा-तफरी मच गई। स्थिति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने तुरंत हस्तक्षेप करते हुए आंदोलन कर रहे कुछ मनसे कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया।
घटना के बाद विशाल कॉर्नर क्षेत्र में भारी पुलिस बंदोबस्त तैनात किया गया है और मामले की आगे की जांच जारी है। इस घटना के बाद जालना में राजनीतिक माहौल एक बार फिर गरमा गया है और शहरभर में इस घटना की जोरदार चर्चा हो रही है।
