जाफराबाद में टीन शेड में चल रहे देह व्यापार पर AHTU जालना और जाफराबाद पुलिस की छापेमारी

जालना/कादरी हुसैन
अनैतिक मानव तस्करी प्रतिबंधक कक्ष (AHTU) जालना को आज गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि जाफराबाद शहर में जिला परिषद विद्यालय के पास स्थित एक टीन शेड में एक महिला अपने आर्थिक लाभ के लिए कमरे उपलब्ध कराकर बाहर से महिलाओं को बुलाकर देह व्यापार संचालित कर रही है।
सूचना की पुष्टि होने पर इसकी जानकारी पुलिस अधीक्षक को दी गई तथा उनके निर्देशानुसार AHTU की टीम जाफराबाद पुलिस थाने पहुंची। पुलिस निरीक्षक जाधव के मार्गदर्शन में AHTU जालना और जाफराबाद पुलिस की संयुक्त टीम ने बताए गए स्थान पर छापा मारा।
छापेमारी के दौरान कांताबाई अण्णासाहेब अवसरमोल (उम्र 50 वर्ष, निवासी जाफराबाद, जिला जालना), जो उक्त टीन शेड की मालिक है, को बाहर से महिलाओं को बुलाकर अपने आर्थिक लाभ के लिए देह व्यापार संचालित करते हुए पकड़ा गया। मौके पर ऋषिकेश राजू तेलंगरे (उम्र 25 वर्ष, निवासी वालसा, तहसील भोकरदन, जिला जालना) नामक ग्राहक तथा एक पीड़ित महिला भी मिली।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 7,450 रुपये का मुद्देमाल जब्त किया है। इस मामले में जाफराबाद पुलिस थाने में पुलिस उपनिरीक्षक गणेश शिंदे की शिकायत पर अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम, 1956 की धारा 3, 4, 5, 6 एवं 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की आगे की जांच जाफराबाद पुलिस द्वारा की जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक तेघबीर सिंह संधु, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम साळी तथा उपविभागीय पुलिस अधिकारी डॉ. नितीन कटेकर के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में पुलिस निरीक्षक जाधव (जाफराबाद पुलिस थाना), पुलिस उपनिरीक्षक गणेश शिंदे (AHTU जालना), महिला पुलिस हेड कॉन्स्टेबल संगीता चव्हाण, महिला पुलिस कॉन्स्टेबल आरती साबळे, चालक सफौ संजय कुलकर्णी तथा जाफराबाद पुलिस स्टेशन के होमगार्ड गायकवाड एवं बोर्डे ने सहभाग लिया।
