Breaking NewsJalna

समृद्धि महामार्ग पर भीषण सड़क हादसा: ट्रक में पीछे से घुसी फॉर्च्यूनर, डॉक्टर दंपती की मौके पर मौत, तीन गंभीर घायल

जालना | कादरी हुसैन

सिंदखेडराजा के पास समृद्धि महामार्ग पर सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में फॉर्च्यूनर कार ट्रक के पीछे जा भिड़ी। इस भीषण टक्कर में कार सवार डॉक्टर दंपती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रक क्रमांक NL-01-AD-4981 नागपुर से मुंबई की ओर जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रही फॉर्च्यूनर कार क्रमांक MH-20-HN-6768 अनियंत्रित होकर ट्रक के पिछले हिस्से से जोरदार टकरा गई। हादसे के बाद दोनों वाहन मिडिल लेन पर क्षतिग्रस्त अवस्था में खड़े मिले।

ट्रक चालक मोहम्मद इजराऊल हक, निवासी झारखंड, ने बताया कि वह नागपुर से मुंबई की ओर जा रहा था, तभी पीछे से तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर ने उसके ट्रक को जोरदार टक्कर मार दी।

इस हादसे में डॉ. सय्यद आसिफ सय्यद उमर (52 वर्ष) तथा उनकी पत्नी गुलसितान बी सय्यद आसिफ (45 वर्ष) की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई।

वहीं, शेख साजिद शेख फरीद, नबा सय्यद आसिफ (18 वर्ष) तथा सय्यद अजब माज सय्यद आसिफ (25 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए ग्रामीण अस्पताल सिंदखेडराजा ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए आगे के उपचार के लिए जालना रेफर किया गया।

दोनों मृतकों के शवों को एंबुलेंस से ग्रामीण अस्पताल सिंदखेडराजा भेजा गया। दुर्घटनाग्रस्त ट्रक और फॉर्च्यूनर को घटनास्थल से हटाकर दुसरबीड टोल नाके पर खड़ा किया गया, जिसके बाद समृद्धि महामार्ग पर यातायात सामान्य रूप से शुरू कर दिया गया।

पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button