कॉफी सेंटर की आड़ में अय्याशी के अड्डे, 49 ठिकानों पर निगम और पुलिस की बड़ी कार्रवाई

औरंगाबाद | प्रतिनिधि
शहर के विभिन्न इलाकों में कॉफी सेंटरों की आड़ में गैरकानूनी गतिविधियां चलाए जाने की शिकायतों के बाद महानगरपालिका और पुलिस ने मंगलवार रात संयुक्त अभियान चलाकर 49 कॉफी सेंटरों पर कार्रवाई की। सिडको (कैनॉट प्लेस), वेदांत नगर, उस्मानपुरा, टीवी सेंटर और एन-11 क्षेत्र में देर रात तक चले अभियान के दौरान कई कॉफी सेंटरों में तोड़फोड़ की गई।
अधिकारियों ने जांच के दौरान पाया कि कई कॉफी सेंटरों में कपल्स के लिए विशेष बंद केबिन, काली शीशे वाली व्यवस्था और मंद रोशनी वाले कमरे बनाए गए थे, जिससे बाहर से अंदर की गतिविधियां दिखाई नहीं देती थीं। कार्रवाई के दौरान टेबल, कुर्सियां, पार्टिशन और अन्य अवैध संरचनाओं को हथौड़ों से तोड़ दिया गया।
कैनॉट प्लेस क्षेत्र में 19 कॉफी सेंटरों की जांच की गई, जिनमें से 12 पर तोड़फोड़ की कार्रवाई की गई। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए और मुख्य बाजारों में देर रात तक हलचल का माहौल बना रहा।
अधिकारियों के अनुसार, शहर के स्कूलों और कॉलेजों के आसपास बड़ी संख्या में ऐसे कॉफी सेंटर संचालित हो रहे हैं, जहां युवाओं की भीड़ रहती है। कुछ स्थानों पर युवतियों से छेड़छाड़ की घटनाओं की शिकायतें भी सामने आई थीं, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई।
जांच में यह भी सामने आया कि कई कॉफी सेंटर बेहद संकरे और बंद ढांचे में संचालित हो रहे थे। छोटे-छोटे केबिन, अतिरिक्त मंजिलें और जन्मदिन पार्टियों के लिए विशेष व्यवस्था की गई थी। एक कॉफी सेंटर में जन्मदिन समारोह चल रहा था, तभी अधिकारियों ने कार्रवाई की।
सबसे गंभीर बात यह रही कि अधिकांश स्थानों पर अग्निशमन सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं पाए गए। अधिकारियों ने इन केंद्रों की स्थिति को “कोंडवाड़े जैसी” बताते हुए सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर चिंता जताई।
इस अभियान में पुलिस उपायुक्त रत्नाकर नवले, पुलिस निरीक्षक अतुल येरमे, पुलिस उपनिरीक्षक बचाटे, घुसिंगे, राहुल मोरे तथा महानगरपालिका की उपायुक्त सविता सोनवणे, सहायक आयुक्त संजय सुरडकर समेत अन्य अधिकारी शामिल रहे।
