Breaking NewsInternational

वेनेजुएला में विनाशकारी भूकंप से भारी तबाही, मृतकों की संख्या 920 के पार; राहत-बचाव अभियान जारी

काराकास (वेनेजुएला) | खासदार टाईम्स न्यूज़ नेटवर्क 

दक्षिण अमेरिकी देश वेनेजुएला में आए विनाशकारी भूकंपों के बाद हालात लगातार गंभीर बने हुए हैं। आधिकारिक जानकारी के अनुसार मृतकों की संख्या 920 से अधिक हो चुकी है, जबकि 3,000 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। इसके अलावा 50,000 से अधिक लोगों के लापता** होने की आशंका जताई जा रही है। राहत एवं बचाव दल मलबे में फंसे लोगों की तलाश में युद्धस्तर पर अभियान चला रहे हैं।

भूकंप के कारण राजधानी काराका और तटीय राज्य ला ग्वाइरा में सबसे अधिक तबाही हुई है। सैकड़ों इमारतें ढह गई हैं, सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई हैं और कई इलाकों में बिजली तथा संचार सेवाएं बाधित हैं। अस्पतालों में घायलों की भारी भीड़ है और अस्थायी राहत शिविर स्थापित किए गए हैं।

विशेषज्ञों के अनुसार 24 जून को आए 7.2 और 7.5 तीव्रता के दो शक्तिशाली भूकंपों ने व्यापक विनाश किया। इसके बाद कई आफ्टरशॉक भी दर्ज किए गए। 26 जून को 4.9 तीव्रता का एक और झटका महसूस किया गया, जिससे पहले से क्षतिग्रस्त इमारतों और बचाव कार्यों पर अतिरिक्त खतरा पैदा हो गया।

संयुक्त राष्ट्र के प्रारंभिक आकलन के मुताबिक इस प्राकृतिक आपदा से करीब 6.7 अरब अमेरिकी डॉलर का आर्थिक नुकसान होने का अनुमान है। अमेरिका, फ्रांस, मैक्सिको, ब्राज़ील सहित कई देशों और अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों ने राहत एवं बचाव के लिए सहायता भेजनी शुरू कर दी है।

वेनेजुएला सरकार ने प्रभावित क्षेत्रों में आपातकालीन राहत कार्य तेज कर दिए हैं और नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि मलबे में अब भी बड़ी संख्या में लोगों के फंसे होने की आशंका है, इसलिए मृतकों का आंकड़ा और बढ़ सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button