Breaking NewsCrime NewsJalna

जालना में रिश्तों का खौफनाक अंत: मां और भाई ने बड़े बेटे की हत्या की, शराब की लत से जुड़ा पारिवारिक विवाद बना वजह

जालना | कादरी हुसैन

जालना शहर के चंदनझिरा थाना क्षेत्र स्थित सुंदरनगर में गुरुवार सुबह एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। शराब की लत को लेकर लंबे समय से चल रहे तनाव के बीच मां और छोटे भाई पर बड़े बेटे की लोहे की रॉड से हत्या करने का आरोप है। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

मृतक की पहचान प्रकाश भगवान शिंदे (40), निवासी सुंदरनगर, के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार प्रकाश शिंदे को शराब की लत थी, जिसके चलते परिवार में अक्सर विवाद होता रहता था। गुरुवार सुबह हुए विवाद ने अचानक हिंसक रूप धारण कर लिया।

आरोप है कि मां शांताबाई भगवान शिंदे और छोटे भाई दीपक भगवान शिंदे ने प्रकाश शिंदे पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल प्रकाश की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही चंदनझिरा पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने घटनास्थल का पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला सरकारी अस्पताल भेज दिया है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक कलह और शराब की लत को घटना की प्रमुख वजह माना जा रहा है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button