पेपर लीक की आशंका के चलते महाराष्ट्र TET-2026 परीक्षा स्थगित, परीक्षा परिषद का बड़ा फैसला

जालना/पुणे | कादरी हुसैन
महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद ने 28 जून 2026 को आयोजित होने वाली शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET-2026) को पेपर लीक की आशंका के चलते अगली सूचना तक स्थगित कर दिया है। परिषद ने कहा है कि परीक्षा पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ आयोजित कराना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
जानकारी के अनुसार, रविवार 28 जून को राज्यभर के 1,028 परीक्षा केंद्रों पर TET-2026 आयोजित होनी थी। हाल ही में हुई NEET-2026 परीक्षा में सामने आई कथित अनियमितताओं को देखते हुए परिषद ने इस बार सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए थे।
इसी दौरान 27 जून की सुबह भिवंडी में मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने कुछ संदिग्ध व्यक्तियों पर छापा मारा। जांच के दौरान महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद के अधिकारियों को मौके पर बुलाकर दस्तावेजों का सत्यापन कराया गया। जांच में संदिग्धों के पास मिले कुछ प्रश्न TET-2026 की प्रश्नपत्रिका से मेल खाते पाए गए।
इसके बाद भिवंडी पुलिस थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। घटना की गंभीरता को देखते हुए महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद ने 28 जून को प्रस्तावित TET परीक्षा को तत्काल प्रभाव से स्थगित करने का निर्णय लिया।
परिषद ने बताया कि पूरे मामले की गहन जांच के बाद नई परीक्षा तिथि घोषित की जाएगी। परीक्षा से संबंधित नई तिथि और अन्य सभी महत्वपूर्ण जानकारी महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएगी।
