झांसी में भीषण सड़क हादसा: अतीक अहमद के बेटे अबान की मौत, जेल में बंद भाई अली का रो-रोकर बुरा हाल

झांसी • खासदार टाईम्स वृत्तसेवा
उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में गुरुवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे में माफिया अतीक अहमद के छोटे बेटे अबान अहमद की मौत हो गई। हादसे में एक अन्य व्यक्ति की भी जान चली गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी प्रयागराज से झांसी जेल में बंद अली अहमद से मुलाकात करने जा रहे थे।
पुलिस के अनुसार, हादसा झांसी-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर पूछ थाना क्षेत्र के पास हुआ। तेज रफ्तार क्रेटा कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना में अबान अहमद और एक अन्य व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि घायलों को तत्काल मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।
प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार के कारण वाहन के नियंत्रण से बाहर होने की बात सामने आई है। वहीं कुछ प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हाईवे पर अचानक एक जानवर आने से चालक ने वाहन को बचाने का प्रयास किया, जिससे कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
इधर, झांसी जिला कारागार में बंद अली अहमद अपने छोटे भाई अबान का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान जेल प्रशासन ने उसे सड़क हादसे और अबान की मौत की सूचना दी। खबर मिलते ही अली अहमद भावुक हो गया और फूट-फूटकर रोने लगा। जेल सूत्रों के अनुसार, वह सदमे में जमीन पर बैठ गया और लंबे समय तक किसी से बात नहीं की। पूरे दिन वह अपनी बैरक से बाहर भी नहीं निकला।
गौरतलब है कि उमेश पाल हत्याकांड के बाद अबान अहमद और उसके भाई अहजम को नाबालिग होने के कारण बाल संरक्षण गृह में रखा गया था। बाद में अक्टूबर 2023 में दोनों को रिहा कर उनकी बुआ की सुपुर्दगी में सौंप दिया गया था। वर्तमान में अली अहमद झांसी जेल में बंद है, जिससे मिलने के लिए परिवार के सदस्य प्रयागराज से झांसी जा रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।
