अकोला में सर्पदंश से 17 वर्षीय छात्रा की मौत, गडचिरोली के बाद फिर सामने आया दर्दनाक मामला

अकोला | खासदार टाईम्स वृत्तसेवा
पिछले कुछ दिनों से गडचिरोली में आश्रम स्कूल की छात्राओं को जहरीले सांप के डसने और तीन छात्राओं की मौत का मामला पूरे महाराष्ट्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। यह घटना अभी लोगों के जेहन से निकली भी नहीं थी कि अब अकोला जिले से सर्पदंश का एक और दर्दनाक मामला सामने आया है। अकोला जिले के बार्शीटाकली तालुका में सांप के काटने से एक 17 वर्षीय छात्रा की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, चेलका सेवानगर निवासी 17 वर्षीय छात्रा 10 अगस्त को सोयाबीन के खेत में गई थी। इसी दौरान उसे जहरीले सांप ने डस लिया। सर्पदंश के बाद छात्रा की हालत बिगड़ गई। घटना के कुछ ही घंटों के भीतर उसकी मौत हो गई।
इस घटना की जानकारी सामने आने के बाद चेलका सेवानगर और आसपास के इलाके में शोक का माहौल है। कम उम्र में छात्रा की सर्पदंश से हुई मौत के कारण परिवार और स्थानीय लोगों में गहरा दुख व्यक्त किया जा रहा है।
गडचिरोली की घटना के बाद अकोला में भी इसी तरह की घटना सामने आने से ग्रामीण और खेत परिसर में काम करणाऱ्या नागरिकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। बारिश के मौसम में खेतों और झाड़ियों में सांपों का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
गडचिरोली की घटना में आश्रम स्कूल की पांच से छह छात्राओं को जहरीले सांप ने डसा था, जिनमें तीन छात्राओं की मौत हो गई थी। अब अकोला जिले में भी एक 17 वर्षीय छात्रा की सर्पदंश से मौत होने के बाद लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने चिंता बढ़ा दी है।
10 अगस्त को हुई इस दर्दनाक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। छात्रा की मौत से उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।