AurangabadBreaking NewsCrime News

हर्सूल पुलिस की बड़ी कार्रवाई, बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश; 12 चोरी की बाइक बरामद

औरंगाबाद • खासदार टाईम्स वृत्तसेवा 

शहर के विभिन्न इलाकों से दोपहिया वाहन चोरी करने वाले गिरोह का हर्सूल पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की 12 दोपहिया वाहन बरामद की गई हैं। बरामद वाहनों की कुल कीमत करीब 7 लाख 20 हजार रुपये बताई गई है।

हर्सूल पुलिस थाने में 29 अगस्त को जाधववाड़ी, हर्सूल निवासी विक्की शेषराव चौथमल (28) ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी दोपहिया वाहन घर के सामने से चोरी हो गई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की।

जांच के दौरान विशेष पुलिस टीम को गोपनीय सूचना मिली कि दोपहिया वाहन चोरी करने वाले आरोपी जालना जिले के भोकरदन तालुका के वालसावंगी क्षेत्र के रहने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गुरुवार (17 सितंबर) को शिवना-सिल्लोड क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए कृष्णा नारायण मुरूडकर (30, निवासी वालसावंगी) को हिरासत में लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने दोपहिया वाहन चोरी करने की बात कबूल की। पुलिस ने प्रारंभिक कार्रवाई में उसके कब्जे से चोरी की छह दोपहिया वाहन बरामद कीं। इसके बाद उसके साथी शेख कलीम शेख जब्बार (32, निवासी वालसावंगी) को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

दो पुलिस थानों के 11 मामले उजागर

पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 12 चोरी की दोपहिया वाहन बरामद की हैं। इस कार्रवाई से हर्सूल पुलिस थाने के चार और सिडको पुलिस थाने के सात, यानी दोपहिया वाहन चोरी के कुल 11 मामले उजागर हुए हैं।

पुलिस निरीक्षक स्वाती केदार ने बताया कि आरोपियों से बरामद वाहनों और अन्य मामलों के संबंध में आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button