AurangabadBreaking NewsCrime News

औरंगाबाद में FDA की बड़ी कार्रवाई, गुजरात से लाई गई 3,691 किलो संदिग्ध मिठाई जब्त

औरंगाबाद • खासदार टाईम्स वृत्तसेवा 

राज्यभर में चलाए जा रहे ‘Safe Food Safe Maharashtra’ अभियान के तहत अन्न व औषधि प्रशासन (FDA) ने औरंगाबाद में बड़ी कार्रवाई की है। त्योहारों के मद्देनजर गुजरात से ट्रैवल्स के जरिए शहर में बिक्री के लिए लाई गई करीब 3,691 किलोग्राम संदिग्ध मिठाई और खोवा जैसे खाद्य पदार्थों का स्टॉक जब्त किया गया है। जब्त माल की अनुमानित कीमत करीब 6 लाख रुपये बताई गई है।

रविवार शाम शाहनूरमियां दरगाह चौक स्थित डी-मार्ट के सामने ट्रैवल्स पार्किंग परिसर में FDA की टीम ने दो अलग-अलग ट्रैवल्स बसों की जांच कर यह कार्रवाई की।

मुंबई FDA के इंटेलिजेंस ब्यूरो के अधिकारी श्रीनिवास केदार को गुजरात से घटिया गुणवत्ता और मिलावटी खोवा व मिठाई औरंगाबाद लाए जाने की गोपनीय जानकारी मिली थी। इसके आधार पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी वर्षा रोडे, कीर्तिका झाड़े और योगेश चिभाड़े की टीम ने कार्रवाई की।

पहली कार्रवाई नीलकंठ ट्रैवल्स की बस पर की गई। अहमदाबाद से आई बस से संदिग्ध खाद्य सामग्री उतारी जा रही थी। जांच के दौरान ‘राधे’ ब्रांड का रिचेस्ट स्वीट डिलाइट यानी कंडेंस्ड मिल्क एनालॉग और स्वीट हलवा समेत कुल 2,079 किलोग्राम माल बरामद हुआ। इसकी अनुमानित कीमत 3 लाख 55 हजार 500 रुपये है।

वहीं, दूसरी कार्रवाई वीर ट्रैवल्स की बस पर की गई। यहां ‘नंदेश्वर’ ब्रांड का प्रीमियम डेजर्ट और स्वीट हलवा, ‘ब्रिजवासी’ ब्रांड का रिच स्वीट डिलाइट तथा ‘गोकुल’ ब्रांड की पारंपरिक मिठाइयों समेत कुल 1,612 किलोग्राम खाद्य सामग्री मिली। इसकी कीमत 2 लाख 49 हजार 236 रुपये बताई गई है।

FDA ने दोनों स्थानों से मिठाई और खोवा के कानूनी नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं। वहीं, शेष 3,691 किलोग्राम पूरे स्टॉक को खराब होने से बचाने के लिए मराठवाड़ा कोल्ड स्टोरेज प्राइवेट लिमिटेड में माइनस 10 डिग्री सेल्सियस तापमान पर सीलबंद कर सुरक्षित रखा गया है।

प्रयोगशाला जांच की रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा कानून के तहत आगे की कार्रवाई और संबंधितों के खिलाफ मामला दर्ज करने की प्रक्रिया की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button