बिना अनुमति रेत परिवहन करते ट्रैक्टर-ट्रॉली पर परतूर पुलिस की कार्रवाई, 7.06 लाख का मुद्देमाल जब्त

जालना | कादरी हुसैन
परतूर शहर में अवैध रेत परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बिना अनुमति रेत ले जा रहे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने ट्रैक्टर, ट्रॉली और रेत सहित कुल 7 लाख 6 हजार रुपये का मुद्देमाल जब्त किया। मामले में ट्रैक्टर चालक और मालिक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता तथा संबंधित गौण खनिज कानून के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 25 सितंबर 2026 को सुबह करीब 7:10 बजे परतूर पुलिस की टीम शहर में गश्त कर रही थी। इसी दौरान गार्डन होटल से गोकुलधाम सोसायटी की ओर जाने वाले मार्ग पर लाल रंग का बिना नंबर का ट्रैक्टर ट्रॉली से जुड़ा हुआ दिखाई दिया। पुलिस ने ट्रैक्टर को रोककर चालक से रेत परिवहन की अनुमति और आवश्यक दस्तावेज मांगे। जांच में रेत परिवहन के लिए कोई वैध अनुमति या परमिट नहीं मिला।
पुलिस ने ट्रैक्टर चालक कलिम हमीद शेख, निवासी लक्ष्मीनगर, परतूर तथा ट्रैक्टर मालिक रमेश बाबासाहेब गायकवाड, निवासी कैकाडी गली, परतूर से पूछताछ की।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने महिंद्रा कंपनी का 585 DI Power Plus लाल रंग का ट्रैक्टर, जिसकी अनुमानित कीमत 6 लाख रुपये है, लाल रंग की बिना नंबर की ट्रॉली, कीमत करीब 1 लाख रुपये तथा ट्रॉली में भरी करीब एक ब्रास रेत, जिसकी कीमत लगभग 6 हजार रुपये है, जब्त की। इस तरह कुल 7 लाख 6 हजार रुपये का मुद्देमाल जब्त किया गया।
इस मामले में पुलिस कांस्टेबल आकाश दिलीप राऊत की शिकायत पर चालक कलिम हमीद शेख और ट्रैक्टर मालिक रमेश बाबासाहेब गायकवाड के खिलाफ परतूर पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2), 3(5) तथा संबंधित गौण खनिज कानून की धारा 3 और 4 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्रवाई
कार्रवाई जालना के पुलिस अधीक्षक तेगबीर सिंह संधू, अपर पुलिस अधीक्षक विक्रम साळी तथा परतूर उपविभागीय पुलिस अधिकारी आर. टी. रेंगे के मार्गदर्शन में की गई।
कार्रवाई में प्रभारी अधिकारी कलमदाणे, सहायक पुलिस निरीक्षक जंजाळ, पुलिस कांस्टेबल आकाश राऊत, ज्ञानेश्वर वाघ तथा होमगार्ड काकडे, बोंगे और चव्हाण शामिल रहे।
प्रभारी अधिकारी कलमदाणे ने बताया कि अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। मामले की आगे की जांच पुलिस हेड कांस्टेबल पालवे कर रहे हैं।