AurangabadBreaking News

दौलताबाद घाट में बस और बाइक की भीषण टक्कर, 30 वर्षीय युवक की मौत; मित्र गंभीर घायल

औरंगाबाद • खासदार टाईम्स वृत्तसेवा 

दौलताबाद से खुलताबाद जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग पर दौलताबाद घाट में बस और दोपहिया वाहन की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसका 33 वर्षीय मित्र गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा रविवार, 27 सितंबर को दोपहर करीब सवा तीन बजे घाट में मलिक होटल के सामने एक तीव्र मोड़ पर हुआ।

मृतक की पहचान अक्षय साहेबराव दवंगे (30) के रूप में हुई है, जबकि अक्षय कारभारी बोडखे (33), दोनों निवासी मनूर, तहसील वैजापुर, जिला औरंगाबाद, गंभीर रूप से घायल हुआ है। घायल अक्षय बोडखे का घाटी अस्पताल के अतिदक्षता विभाग में उपचार चल रहा है।

जानकारी के अनुसार, दोनों मित्र अविवाहित थे। मृतक अक्षय दवंगे वाळूज-गंगापुर एमआईडीसी क्षेत्र की एक निजी कंपनी में काम करता था। पिछले कुछ दिनों से वह छुट्टी पर गांव आया हुआ था। दोबारा काम पर लौटने की तैयारी के तहत वह रविवार को अपने मित्र अक्षय बोडखे के साथ वाळूज एमआईडीसी में किराए का कमरा देखने आया था।

कमरा देखने के बाद दोनों स्पोर्ट्स बाइक (एमएच 57 ए 8820) से मनूर लौट रहे थे। इसी दौरान दौलताबाद घाट में यह भीषण हादसा हो गया। बताया गया कि दोनों ने हेलमेट नहीं पहना था। टक्कर के बाद सड़क पर गिरने से दोनों के सिर में गंभीर चोटें आईं।

तीखे मोड़ पर बस और बाइक का बिगड़ा अंदाजा

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धुले से करीब 55 यात्रियों को लेकर औरंगाबाद की ओर आ रही बस दोपहर करीब सवा तीन बजे दौलताबाद घाट से नीचे उतर रही थी। इसी समय दोनों युवक बाइक से घाट चढ़ रहे थे।

मलिक होटल के सामने घाट में तीखा मोड़ और ढलान होने के कारण सामने से आने वाला वाहन पहले से दिखाई नहीं देता। इसी ब्लाइंड स्पॉट पर बस और बाइक के बीच आमने-सामने टक्कर हो गई।

स्थानीय लोगों के अनुसार, इस मार्ग पर मोड़ से पहले वाहनों की गति नियंत्रित करने के लिए पर्याप्त रंबल स्ट्रिप्स भी नहीं हैं। हादसे के बाद पुलिस द्वारा मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button