पत्नी के उत्पीड़न से आहत पति ने किया आत्महत्या, मरने से पहले लिया 4 लोगों का नाम

पुणे से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां पत्नी को कंपनी में परेशान किए जाने के कारण पति ने आत्महत्या जैसा कठोर कदम उठा लिया। मृतक का नाम तुकाराम ज्ञानेश्वर भाले बताया गया है। तुकाराम ने अपनी जान देने से पहले एक वीडियो भी जारी किया था। इस मामले में पत्नी की शिकायत पर कंपनी के सुपरवाइज़र समेत 6 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना लोणी काळभोर ग्राम पंचायत क्षेत्र के गारुडीवस्ती इलाके में हुई। तुकाराम भाले की पत्नी लोणी काळभोर स्थित इंडियन ऑयल टर्मिनल कंपनी में काम करती थीं। कंपनी में एक व्यक्ति द्वारा उनका उत्पीड़न किया जा रहा था, जिसकी जानकारी उन्होंने अपने पति को दी थी। इस कारण तुकाराम तनाव में थे और पत्नी के लिए कुछ न कर पाने की बेबसी से जूझ रहे थे। इसी हताशा में उन्होंने आत्महत्या कर ली।
खास बात यह है कि आत्महत्या से पहले तुकाराम ने एक वीडियो बनाया था, जिसमें उन्होंने करण कसबे, सुनीता कसबे, सारिका कसबे और अजय सिंह के नाम लेते हुए आरोप लगाया कि इन लोगों की वजह से उनका काम-धंधा बंद हो गया, बड़ा आर्थिक नुकसान हुआ और सारी पूंजी खत्म हो गई। उन्होंने कहा कि इन लोगों ने उन्हें बर्बाद कर दिया। इसके बाद तुकाराम ने घर के पंखे से लटककर जान दे दी।
घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि तुकाराम और उनकी पत्नी को कंपनी में लगातार यही लोग परेशान करते थे या नहीं। लेकिन पति की मौत के बाद पत्नी ने लोणी काळभोर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर इंडियन ऑयल टर्मिनल कंपनी के सुपरवाइज़र समेत 6 लोगों पर मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
