दिल्ली को 26 साल बाद बीजेपी का नया मुख्यमंत्री मिला, रेखा गुप्ता संभालेंगी कमान

नई दिल्ली: दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार बनने के साथ ही 26 साल बाद राजधानी को नया मुख्यमंत्री मिला है। बीजेपी विधायक दल की बैठक में रेखा गुप्ता के नाम पर मुहर लग गई है। गुरुवार को रामलीला मैदान में एक भव्य समारोह में वह मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगी।
बीते 12 दिनों से दिल्ली के नए मुख्यमंत्री को लेकर चल रही अटकलों पर अब विराम लग गया है। दिल्ली भाजपा कार्यालय में हुई विधायक दल की बैठक में 48 विधायकों ने रेखा गुप्ता को सदन का नेता चुना। अब वह उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश करेंगी।
कई नामों को पछाड़कर बनीं मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री पद के लिए कई नाम चर्चा में थे, जिनमें प्रवेश वर्मा, सतीश उपाध्याय, आशीष सूद, पवन शर्मा और अजय महावर जैसे वरिष्ठ नेताओं के साथ-साथ दलित समुदाय से कैलाश गंगवाल और महिलाओं में शिखा राय व रेखा गुप्ता के नाम प्रमुख थे। लेकिन अंततः पार्टी हाईकमान ने रेखा गुप्ता को मुख्यमंत्री बनाने का फैसला लिया।
शपथ ग्रहण समारोह की भव्य तैयारियां
गुरुवार सुबह 11 बजे रामलीला मैदान में शपथ ग्रहण समारोह आयोजित होगा, जिसमें भाजपा के कई शीर्ष नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल होंगे। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस और अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है। समारोह में आम जनता की भी भागीदारी होगी, जिसके लिए भाजपा ने सोशल मीडिया पर विशेष आमंत्रण जारी किया है।
27 साल बाद दिल्ली में भाजपा की सरकार
भाजपा ने इस बार 70 में से 48 सीटें जीतकर ऐतिहासिक प्रदर्शन किया है, जबकि आम आदमी पार्टी को सिर्फ 22 सीटें मिलीं। कांग्रेस का खाता भी नहीं खुला। इससे पहले 1993 में भाजपा ने 49 सीटें जीतकर सरकार बनाई थी, जिसके बाद मदन लाल खुराना, साहिब सिंह वर्मा और सुषमा स्वराज मुख्यमंत्री बने थे।
1998 के बाद कांग्रेस ने 15 साल और आम आदमी पार्टी ने 2013 से लगातार 10 साल तक दिल्ली में शासन किया। इस बार भाजपा ने 71% स्ट्राइक रेट के साथ शानदार प्रदर्शन किया है और वोट शेयर में 9% की वृद्धि दर्ज की है।
अब देखना होगा कि रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली को कैसे नई दिशा मिलती है।