मीरा रोड पर एयर होस्टेस से दुष्कर्म: सहकर्मी ने किया रेप, हांगकांग भागने की कोशिश में एयरपोर्ट से गिरफ्तार

ठाणे जिले के मीरा रोड इलाके से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक निजी विमान कंपनी में काम करने वाले 25 वर्षीय युवक ने अपनी ही कंपनी में काम करने वाली 23 वर्षीय एयर होस्टेस युवती के साथ दुष्कर्म किया। आरोपी ने मुंबई में पार्टी के बाद पीड़िता को अपने फ्लैट पर बुलाया और वहीं उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। घटना के बाद वह हांगकांग भागने की फिराक में था, लेकिन पुलिस ने समय रहते उसे मुंबई एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार किए गए आरोपी का नाम देवाशिष शर्मा (25) है, जो मूल रूप से राजस्थान के जयपुर का रहने वाला है और वर्तमान में मीरा रोड के रामदेव पार्क क्षेत्र के पंचमरत्न सोसाइटी में किराए पर रह रहा था। वह भी एक विमान कंपनी में क्रू मेंबर के रूप में कार्यरत है, जबकि पीड़िता उसी कंपनी में एयर होस्टेस के पद पर है।
मिली जानकारी के मुताबिक, 29 जून को दोनों लंदन से मुंबई आने वाली एक फ्लाइट में साथ काम कर रहे थे। मुंबई पहुंचने के बाद दोनों ने अपनी एक मित्र के साथ पार्टी की। रात देर होने के कारण देवाशिष ने पीड़िता को अपने मीरा रोड स्थित फ्लैट पर रुकने के लिए कहा। लेकिन 30 जून की सुबह आरोपी ने जबरन पीड़िता के साथ दुष्कर्म किया।
घटना के बाद आरोपी ने हांगकांग की एक विमान कंपनी में नौकरी प्राप्त कर ली थी और वहां भागने की तैयारी कर रहा था। लेकिन 18 जुलाई की रात पीड़िता ने नवघर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सहार पुलिस और एयरपोर्ट अधिकारियों को सूचित किया और 19 जुलाई की मध्यरात्रि को देवाशिष शर्मा को मुंबई एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस की जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पहले भी पीड़िता को शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर चुका था। इस संबंध में पीड़िता ने पहले ही कंपनी को ईमेल के जरिए शिकायत भी की थी। फिलहाल आरोपी को पुलिस कस्टडी में भेजा गया है और मामले की जांच जारी है।
