जो हिंसा करे वह भोले का भक्त नहीं, सत्ता संरक्षण में पलने वाला माफिया है – स्वामी प्रसाद मौर्य
स्वामी प्रसाद मौर्य का सवाल – क्या कांवड़ियों के वेश में अराजक तत्व फैला रहे हैं हिंसा?

उत्तर प्रदेश में कांवड़ यात्रा को लेकर सियासत गरमा गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जहां खुद कांवड़ियों पर फूल बरसाकर उनका स्वागत कर रहे हैं और सुरक्षा व सुविधा को लेकर प्रशासन को सख्त निर्देश दे रहे हैं, वहीं विपक्ष ने इस यात्रा में शामिल कुछ लोगों पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य ने लखनऊ में मीडिया से बातचीत में कहा, “यह कांवड़िए नहीं हो सकते। भोले बाबा को तो लोग भोला कहते हैं, ऐसे में उनका भक्त हिंसक कैसे हो सकता है? अगर कोई हिंसा करता है, गुंडागर्दी करता है तो वह भोले का भक्त नहीं, सत्ता संरक्षण में पल रहा माफिया या अराजक तत्व है।”
उन्होंने आरोप लगाया कि कांवड़ यात्रा के वेश में कुछ लोग पूरे प्रदेश में अराजकता फैला रहे हैं। साथ ही संविधान से छेड़छाड़, आरक्षण खत्म करने की कोशिश और शिक्षा में भेदभाव के मुद्दे भी उठाए। मौर्य ने कहा कि प्रदेश में अब विश्वविद्यालयों में भी SC-ST-OBC के साथ अन्याय हो रहा है और शिक्षा को एक खास वर्ग से दूर किया जा रहा है।
इस बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पश्चिम उत्तर प्रदेश के कई जिलों में कांवड़ यात्रा का जायजा लेते हुए श्रद्धालुओं पर फूलों की वर्षा की और साफ संदेश दिया – “श्रद्धा में कोई कमी न हो, पर अनुशासन जरूरी है।” उन्होंने कहा कि जो भी व्यक्ति कांवड़ यात्रा के नाम पर अराजकता फैलाता है, उसकी पहचान कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर यात्रा के बाद पोस्टर लगवाकर कार्रवाई की जाएगी।
योगी ने भक्तों से भी अपील की कि उपद्रवी तत्वों से सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को दें। कांवड़ यात्रा की गरिमा को ठेस पहुंचाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
