कल्याण में निर्माणाधीन इमारत का स्लैब गिरा, दर्दनाक हादसे में 6 लोगों की मौत, डेढ़ साल की बच्ची भी शामिल

कल्याण: महाराष्ट्र के कल्याण और डोंबिवली क्षेत्र में कुछ दिन पहले ही एक इमारत का स्लैब गिरने की घटना हुई थी। अब कल्याण के मंगलराघो नगर इलाके में एक और दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां एक चार मंजिला इमारत के मरम्मत कार्य के दौरान अचानक स्लैब गिर गया, जिसमें अब तक 6 लोगों की मौत हो चुकी है। मरने वालों में एक डेढ़ साल की मासूम बच्ची भी शामिल है। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है, जबकि घटनास्थल पर बचाव कार्य अब भी जारी है।
घटना मंगलवार दोपहर की है, जब सप्तशृंगी को-ऑपरेटिव सोसाइटी नाम की इमारत के तीसरे माले पर मरम्मत का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक दूसरे माले का स्लैब गिरा और सीधे नीचे तक आकर धसक गया। मलबे के नीचे दबकर तीन महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक डेढ़ साल की बच्ची की भी जान चली गई। बाद में मलबे से तीन और शव निकाले गए, जिससे मृतकों की संख्या 6 हो गई है।
मृतकों की पहचान:
- प्रमिला साहू (उम्र 58)
- नामस्वी शेलार (उम्र 1.5 वर्ष)
- सुनीता साहू (उम्र 37)
- सुजाता पाधी (उम्र 32)
- सुशीला गुजर (उम्र 78)
- व्यंकट चव्हाण (उम्र 42)
घायल लोग:
- अरुणा रोहिदास गिरणारायन (उम्र 48)
- शरवील श्रीकांत शेलार (उम्र 4)
- विनायक मनोज पाधी (उम्र 4.5)
- यश क्षीरसागर (उम्र 13)
- निखिल खरात (उम्र 27)
- श्रद्धा साहू (उम्र 14)
अभी भी इमारत के मलबे में कुछ लोग फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है। मौके पर पुलिस और दमकल विभाग की टीम पहुंच चुकी है। चार लोगों को मलबे से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। हालांकि, आसपास की संकरी गलियों और चॉलों के कारण राहत कार्यों में कठिनाई आ रही है। पिछले दो घंटे से नगर निगम, पुलिस और दमकल विभाग का संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
