डेटिंग के विवाद में नाबालिग प्रेमिका की हत्या – आरोपी किशोर ने आत्महत्या का रचा था नाटक
मुंबई, भांडुप से दिल दहला देने वाली घटना

मुंबई के भांडुप इलाके में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां डेटिंग को लेकर हुए विवाद में एक नाबालिग लड़के ने अपनी नाबालिग प्रेमिका को बिल्डिंग की छत से धक्का देकर मौत के घाट उतार दिया। खुद पर शक न आए, इसलिए उसने लड़की के तनाव में आत्महत्या करने का नाटक भी रच डाला। लेकिन पुलिस जांच और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर सच सामने आ गया, और आखिरकार लड़के को हिरासत में ले लिया गया है।
यह घटना भांडुप स्थित महिंद्रा स्प्लेंडर सोसायटी में हुई। पीड़िता मुलुंड इलाके में अपनी मां के साथ रहती थी और 24 जून की शाम अपने 16 वर्षीय मित्र से मिलने भांडुप आई थी। लड़के ने उसे सोसायटी की ‘डी विंग’ की छत पर बुलाया, जहां पानी की टंकी के पास दोनों के बीच डेटिंग को लेकर बहस हो गई। गुस्से में आकर लड़के ने लड़की को धक्का दे दिया, जिससे वह सीधे नीचे गिर पड़ी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद लड़का घबरा गया और ऐसा दिखाया कि जैसे कुछ हुआ ही नहीं। उसने घर जाकर बताया कि लड़की ने पढ़ाई के तनाव में खुदकुशी कर ली। लेकिन भांडुप पुलिस ने जब मामले की छानबीन शुरू की तो कहानी में कई विरोधाभास सामने आए।
पुलिस टीम ने सहायक पुलिस आयुक्त जितेंद्र आगरकर और वरिष्ठ निरीक्षक बालासाहेब पवार के मार्गदर्शन में घटनास्थल का मुआयना किया और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, दोनों के मोबाइल डेटा, इमारत के सुरक्षा गार्ड, निवासियों, और दोनों के माता-पिता व दोस्तों से पूछताछ की।
पुलिस द्वारा लगातार चार दिन – 24, 28, 29 और 30 जून को की गई पूछताछ में पहले तो आरोपी लड़का लगातार खुद को निर्दोष बताता रहा, लेकिन जब पुलिस ने साक्ष्यों के साथ सख्ती से सवाल किए, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
साजिश का खुलासा तब हुआ जब मृत लड़की का मोबाइल ‘ई विंग’ के पास कुछ बच्चों को मिला। जांच में यह सामने आया कि आरोपी ने ही मोबाइल को दूर फेंक दिया था। इसके अलावा लड़की ने विज़िटर बुक में ‘दीपाली’ नाम और लड़के का मोबाइल नंबर दर्ज किया था। बाद में लड़के ने इन एंट्रीज़ में छेड़छाड़ कर सबूत मिटाने की कोशिश भी की।
रहवासियों ने भी बताया कि घटना वाले दिन दोनों के बीच तेज बहस और चीखने-चिल्लाने की आवाज़ें सुनी गई थीं। एक गवाह ने यह भी कहा कि सीढ़ियों से दौड़ता हुआ लड़का आया और बोला कि वह तो सिर्फ दोस्त से मिलने आया था, उसे कोई आवाज नहीं सुनाई दी।
पुलिस ने आरोपी को बाल सुधारगृह (डोंगरी) भेज दिया है और मामले की गहन जांच जारी है।
