सांगली में दिल दहलाने वाली घटना: बेटे के हत्या करने की खबर सुनते ही मां ने की आत्महत्या

सांगली जिले के कवठेमहंकाळ तालुके के कुकटोली गांव से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां एक हत्या के आरोपी की मां ने अपने बेटे के अपराध की खबर मिलते ही फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृत महिला का नाम विमल शेजुळ है।
जानकारी के अनुसार, विमल शेजुळ का बेटा सुशांत शेजुळ कुकटोली गांव के ही युवक अजित क्षीरसागर की हत्या के मामले में संदिग्ध आरोपी है। बताया जा रहा है कि पैसों के लेन-देन के विवाद में सुशांत ने अजित के सिर पर पत्थर से वार कर उसकी हत्या कर दी थी। जैसे ही यह खबर गांव में फैली, पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
जब यह खबर सुशांत की मां विमल शेजुळ को मिली, तो वह पूरी तरह से टूट गईं। उन्हें बेटे का यह अपराध बर्दाश्त नहीं हुआ और मानसिक रूप से बुरी तरह आहत होकर उन्होंने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
गांव में इस घटना के बाद शोक की लहर फैल गई है। एक ओर जहां युवक की हत्या से गांव में तनाव है, वहीं दूसरी ओर मां द्वारा बेटे की करतूत से दुखी होकर उठाए गए इस कठोर कदम ने सभी को स्तब्ध कर दिया है।
इस पूरे मामले की जानकारी कवठेमहंकाळ पुलिस थाने में दर्ज की गई है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
