भ्रष्टाचार का पर्दाफाश करने वाले किरण काळे पर बलात्कार का आरोप: सच या साजिश?
शिवसेना (ठाकरे गुट) को झटका: नगर प्रमुख किरण काळे पर बलात्कार का आरोप, अहमदनगर में हुई गिरफ्तारी

अहमदनगर में शिवसेना (ठाकरे गुट) को बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। पार्टी के नगर शहर प्रमुख किरण काळे को बलात्कार के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। यह गिरफ्तारी सोमवार रात को कोतवाली पुलिस स्टेशन में दर्ज शिकायत के आधार पर की गई।
शिकायत करने वाली महिला ने पुलिस को बताया कि वह लंबे समय से मानसिक रूप से परेशान है और उसने शिकायत के तुरंत बाद जहर खा लिया। फिलहाल महिला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। इस पूरे मामले ने अहमदनगर की राजनीतिक गलियों में सनसनी फैला दी है और ठाकरे गुट की छवि को गहरी चोट पहुंचाई है।
क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता और उसके पति के बीच लंबे समय से झगड़े और विवाद चल रहे थे। इसी दौरान मदद के बहाने किरण काळे महिला के संपर्क में आए। महिला का आरोप है कि 2023 से 2024 के बीच, काळे ने अपने संपर्क कार्यालय में उसके साथ कई बार जबरदस्ती की। इतना ही नहीं, यदि उसने यह बात किसी को बताई तो जान से मारने की धमकी भी दी गई।
योगायोग या साजिश?
दिलचस्प बात यह है कि कुछ दिन पहले ही किरण काळे ने अहमदनगर शहर में सड़क विकास कार्यों में बड़े घोटाले का खुलासा किया था। उसके बाद शिवसेना (ठाकरे गुट) के सांसद संजय राऊत ने अजित पवार गुट के विधायक संग्राम जगताप पर करोड़ों के भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे और मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से इस मामले में शिकायत भी की थी।
अब जब काळे को बलात्कार के आरोप में गिरफ्तार किया गया है, तो यह सवाल उठने लगे हैं कि क्या यह महज संयोग है या फिर उन्हें चुप कराने के लिए एक सोची-समझी साजिश रची गई है?
पूरा मामला बेहद संवेदनशील और राजनीतिक रूप से गर्म है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और किरण काळे को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
