Breaking NewsInternational

यरुशलम के जंगलों में लगी भीषण आग, इजराइल में घोषित की गई नेशनल इमरजेंसी – 3 हजार एकड़ जलकर राख

अंतरराष्ट्रीय मदद की अपील, हजारों लोग बेघर

यरुशलम/तेल अवीव – गाजा में 19 महीनों से लगातार हमलों के चलते फिलिस्तीनियों पर बम बरसाने वाला इजराइल अब खुद संकट में घिर गया है। बुधवार को यरुशलम के पास स्थित जंगलों में भीषण आग लग गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। हालात इतने बेकाबू हो गए कि इजराइल सरकार को नेशनल इमरजेंसी घोषित करनी पड़ी है।

तेज हवाओं और अत्यधिक सूखे मौसम के कारण आग तेजी से फैली और अब तक 100 से अधिक स्थानों को अपनी चपेट में ले चुकी है। करीब 3 हजार एकड़ से ज्यादा जंगल पूरी तरह जल चुके हैं। यरुशलम से तेल अवीव को जोड़ने वाले मुख्य हाईवे-1 और हाईवे-3 समेत कई महत्वपूर्ण सड़कें बंद कर दी गई हैं। रेल सेवाएं भी बाधित हैं।

इजराइली बचाव एजेंसी मैगन डेविड एडोम (MDA) के अनुसार, अब तक 23 लोगों का उपचार किया गया है जबकि 13 लोग अस्पताल में भर्ती कराए गए हैं, जिनमें से अधिकांश को जलने और धुएं के कारण गंभीर समस्या हुई है।

डिफेंस मिनिस्टर योआव कैट्ज़ ने आधिकारिक बयान में कहा, “हम एक राष्ट्रीय आपातकाल का सामना कर रहे हैं। जीवन बचाने और आग पर नियंत्रण पाने के लिए देश की सारी ताकत झोंकनी होगी।”

फायर रेस्क्यू चीफ इयाल कैस्पी ने कहा कि यह दशक की सबसे भीषण आग है। बिगड़ते मौसम के कारण हवाई रेस्क्यू बंद करना पड़ा है और फिलहाल जमीन से बचाव कार्य जारी है। हजारों लोगों को अपने घर छोड़ने पर मजबूर होना पड़ा है।

इजराइल सरकार ने हालात को नियंत्रण में लाने के लिए अंतरराष्ट्रीय सहायता की अपील की है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button