जालना में पुलिस कॉम्प्लेक्स के पास झेरॉक्स दुकान में भीषण आग!
आग का फैलाव डीपी तक, दमकल विभाग ने समय रहते पाया काबू

जालना/कादरी हुसैन
आज दिनांक 26 रविवार सुबह करीब 9 बजे प्राप्त जानकारी के अनुसार, जालना शहर के पुलिस कॉम्प्लेक्स क्षेत्र में स्थित ‘सागर ज़ेरॉक्स व कोल्ड्रिंक सेंटर’ नामक दुकान में कल शाम भीषण आग लगने की घटना सामने आई। इस आग में दुकान के कंप्यूटर, लैपटॉप, ज़ेरॉक्स मशीन, कोल्ड्रिंक की बोतलें, पानी की बोतलें तथा फर्नीचर पूरी तरह जलकर खाक हो गए, जिससे दुकान मालिक को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
यह दुकान एडवोकेट नीरज बागड़ी की बताई जा रही है और आग लगने से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। आग इतनी भयंकर थी कि पास में स्थित बिजली आपूर्ति करने वाली डीपी (डिस्ट्रिब्यूशन प्वाइंट) भी इसकी चपेट में आ गई, जिससे आग के और फैलने तथा बड़े नुकसान की आशंका पैदा हो गई थी।
आग की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय नागरिकों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। उनकी समय पर की गई कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया।
आग लगने का सटीक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है और मामले की जांच जारी है।
