औरंगाबाद में स्पा सेंटर की आड़ में देह व्यापार का भंडाफोड़, 4 महिलाओं को छुड़ाया गया

औरंगाबाद/प्रतिनिधि
शहर के हडको कॉर्नर इलाके में स्थित एक होटल की तीसरी मंजिल पर चल रहे स्पा सेंटर में अनैतिक गतिविधियों का खुलासा हुआ है। सिटी चौक पुलिस की विशेष टीम ने सोमवार रात करीब पौने दस बजे छापा मारकर इस कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस ने मौके से चार महिलाओं को मुक्त कराया, जबकि पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि “सेकन्थ सेंस स्पा एंड ब्यूटी सेंटर” नाम से अवैध कारोबार चलाया जा रहा है। इसके बाद सहायक पुलिस आयुक्त सागर देशमुख के मार्गदर्शन में पुलिस निरीक्षक श्रीनिवास रॉयलवार और एपीआई मनीषा हिवराळे की टीम ने एक फर्जी ग्राहक को 5 हजार रुपये देकर स्पा सेंटर भेजा। वहां मौजूद महिला मैनेजर से पूछताछ के दौरान टालमटोल की गई, जिसके बाद पुलिस ने अंदर छापा मारा।
छापेमारी के दौरान पश्चिम बंगाल और हरियाणा से लाई गई चार महिलाएं मिलीं। जांच में सामने आया कि ग्राहकों के साथ अश्लील हरकतें करवाई जाती थीं। पुलिस ने स्पा सेंटर संचालकों और ग्राहकों समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों में स्पा मालिक सनी अशोक मनोरे, मैनेजर सारिका नाना मरळ, ग्राहक प्रकाश रमेश केशट, मगाराम पुनाराम सुथार और देवीदास हरिभाऊ पाडसवान शामिल हैं। पुलिस के अनुसार स्पा सेंटर चलाने के लिए कोई वैध अनुमति भी नहीं ली गई थी।
फिलहाल मामले की आगे की जांच पुलिस हवालदार मुनीर पठाण कर रहे हैं।
