Breaking NewsCrime NewsJalna

जालना: चंदनझिरा क्षेत्र के एकता चौक में धारदार हथियार से युवक की निर्मम हत्या; पुराना विवाद बना हत्या का कारण 

जालना/कादरी हुसैन

शहर के चंदनझिरा क्षेत्र स्थित एकता चौक में आज शाम एक युवक की धारदार हथियार से वार कर हत्या किए जाने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई है और नागरिकों में भय का माहौल बना हुआ है।

मृतक युवक का नाम जितू आरसूड बताया जा रहा है। वह बदनापूर का निवासी तथा चंदनझिरा क्षेत्र का दामाद था।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, पत्नी को घर ले जाने के लिए गए जितेंद्र रवी अडसूळ (उम्र 35 वर्ष) का अपने ससुर और साले के साथ विवाद हुआ था।

बताया जा रहा है कि एकता चौक परिसर में हमलावरों ने अचानक जितेंद्र रवी अडसूळ पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। खून से लथपथ हालत में घटनास्थल पर ही उनकी मौत होने की जानकारी सामने आ रही है।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, मृतक के शरीर पर धारदार हथियार के चार से पांच गहरे घाव पाए गए हैं। हालांकि, कितने वार किए गए इसकी स्पष्ट जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगी।

घटनास्थल पर मौजूद लोगों के बीच इस हत्या को पुराने वैमनस्य का परिणाम बताया जा रहा है। हालांकि, पुलिस की ओर से अभी तक हत्या के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

घटना की जानकारी मिलते ही चंदनझिरा पुलिस थाने के अधिकारी और कर्मचारी तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का पंचनामा किया तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए घाटी अस्पताल भेज दिया है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हत्या से जुड़ी अधिक जानकारी सामने आने की संभावना है।

इस मामले की जांच तेजी से शुरू कर दी गई है। चंदनझिरा पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए दो विशेष टीमें रवाना की हैं। सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय जानकारी के आधार पर जांच जारी है।

घटना के बाद चंदनझिरा क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है, जिसके चलते पुलिस द्वारा अतिरिक्त बंदोबस्त तैनात किया गया है।

इधर, हाल ही में पदभार संभालने वाले पुलिस अधीक्षक तेगबिर सिंह संधू के सामने कानून-व्यवस्था की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है। शहर में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर पुलिस प्रशासन अब क्या कड़े कदम उठाता है, इस पर शहरवासियों की नजरें टिकी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button