जालना : चंदनझिरा क्षेत्र के हत्या मामले में दो विधि संघर्ष बालकों को पुलिस ने लिया हिरासत में महज 4 घंटे में हत्या का खुलासा, दो धारदार खंजर बरामद

जालना/कादरी हुसैन
चंदनझिरा क्षेत्र के एकता चौक के पास हुई हत्या की घटना का खुलासा करते हुए चंदनझिरा पुलिस ने महज चार घंटे के भीतर दो विधि संघर्ष बालकों को हिरासत में लिया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से हत्या में इस्तेमाल किए गए दो धारदार खंजर तथा एक मोटरसाइकिल भी जब्त की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 07/05/2026 की रात चंदनझिरा क्षेत्र के एकता चौक के पास जितेंद्र रवि आडसुळ (उम्र 35 वर्ष, निवासी बदनापुर, जिला जालना) की तीन अज्ञात व्यक्तियों द्वारा हत्या कर दी गई थी। इस मामले में मृतक की पत्नी की शिकायत पर चंदनझिरा पुलिस स्टेशन में अपराध क्रमांक 300/2026 धारा 103(1), 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक तेगबिर सिंह संधु ने तत्काल आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश पुलिस निरीक्षक बाळासाहेब पवार को दिए। उनके मार्गदर्शन में चंदनझिरा पुलिस की दो विशेष जांच टीमें गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी सिल्लोड, जिला छत्रपति संभाजीनगर में छिपे हुए हैं। इसके आधार पर पुलिस उपनिरीक्षक रवि देशमाने और उनकी टीम ने मध्यरात्रि में तांडा बाजार, तहसील सिल्लोड में छापा मारकर हत्या के बाद फरार दो विधि संघर्ष बालकों को हिरासत में लिया।
पूछताछ में एक बालक ने बताया कि वर्ष 2021 में मृतक जितेंद्र आडसुळ ने उसके पिता की हत्या की थी। उसी का बदला लेने की भावना से इस हत्या को अंजाम दिया गया। इसके बाद आरोपियों को जालना लाकर उनकी निशानदेही पर सुंदरनगर क्षेत्र से हत्या में इस्तेमाल किए गए दो धारदार खंजर और मोटरसाइकिल बरामद की गई।
पुलिस जांच में इस अपराध में एक तीसरे साथी की भी संलिप्तता सामने आई है, जिसकी तलाश जारी है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक तेगबिर सिंह संधु, उपविभागीय पुलिस अधिकारी अनंत कुलकर्णी के मार्गदर्शन तथा पुलिस निरीक्षक बाळासाहेब पवार के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में सहायक पुलिस निरीक्षक सुशीलकुमार चव्हाण, उपनिरीक्षक रवि देशमाने, मारीयो स्कॉट, सय्यद हुसेन, सहायक पुलिस उपनिरीक्षक मनसुब वेताळ तथा पुलिस कर्मियों प्रशांत देशमुख, कृष्णा तंगे, साई पवार, रविंद्र देशमुख, राजेंद्र ठाकुर, अभिजीत वायकोस, राजेंद्र पवार और गणेश नाईकवाडे ने सहभाग लिया।