जालना में अवैध गोवंश कटाई का भंडाफोड़; चंदनझीरा पुलिस की कार्रवाई से शहर में मचा हड़कंप..!

जालना/कादरी हुसैन
जालना शहर के नेशनल नगर क्षेत्र में गुरुवार, 28 मई को चंदनझीरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अवैध कत्लखाने का भंडाफोड़ किया। पुलिस अधीक्षक तेघबीर सिंह संधू के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई से पूरे शहर में हड़कंप मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बकरी ईद की पृष्ठभूमि पर शहर में विशेष सतर्कता बरती जा रही थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि नेशनल नगर इलाके में खुलेआम गोवंशों की अवैध कटाई की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर छापा मारा।

कार्रवाई के दौरान घटनास्थल से 11 गोवंशों की कटाई किए जाने का खुलासा हुआ। पुलिस ने मौके से करीब 7 लाख रुपये मूल्य का गोवंश मांस जब्त किया। वहीं, 13 जीवित गोवंशों को भी मुक्त कराया गया, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 4 लाख 50 हजार रुपये बताई जा रही है। कुल मिलाकर पुलिस ने लगभग साढ़े ग्यारह लाख रुपये का मुद्देमाल जब्त किया है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि नेशनल नगर निवासी शेख मुस्ताक नूर मोहम्मद द्वारा अवैध रूप से कत्लखाना संचालित किया जा रहा था। पुलिस ने मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि शासन द्वारा गोवंश कटाई पर प्रतिबंध लगाया गया है और बकरी ईद के मद्देनजर प्रशासन द्वारा विशेष निगरानी रखी जा रही है। इसके बावजूद अवैध कटाई का मामला सामने आने से नागरिकों में नाराजगी व्यक्त की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक तेघबीर सिंह संधू की सख्त भूमिका और चंदनझीरा पुलिस की त्वरित कार्रवाई की विभिन्न स्तरों पर सराहना की जा रही है। पुलिस प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आगे भी ऐसी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
