जालना में LCB की बड़ी कार्रवाई: 6.72 लाख की अवैध शराब जब्त, ‘रूपम वाइन्स’ के मालिक समेत दो के खिलाफ मामला दर्ज

जालना | कादरी हुसैन
जालना जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत स्थानीय अपराध शाखा (एलसीबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लाखों रुपये की अवैध विदेशी और देशी शराब जब्त की है। इस कार्रवाई में एक लोडिंग वाहन सहित कुल 6 लाख 72 हजार 960 रुपये का मुद्देमाल जब्त किया गया है, जबकि ‘रूपम वाइन्स’ के मालिक सहित दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस अधीक्षक तेघबीर सिंह संधु के मार्गदर्शन तथा अपर पुलिस अधीक्षक विक्रम साळी के निर्देशन में स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक पंकज जाधव को मंगलवार, 16 जून 2026 को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि नवीन मोंढा परिसर से एक वाहन के माध्यम से अवैध शराब की खेप ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर एलसीबी टीम ने मोती बार के सामने जाल बिछाकर संदिग्ध सफेद रंग के महिंद्रा जीतो लोडिंग वाहन (MH-21-BH-7559) को रोका।
वाहन की तलाशी के दौरान पुलिस को बड़ी मात्रा में विदेशी शराब, बीयर और देशी शराब का अवैध साठा मिला। जब्त शराब में रॉयल स्टैग, इम्पीरियल ब्लू, रॉयल चैलेंज, मैकडॉवेल्स नंबर-1, स्टर्लिंग रिजर्व, मैजिक मोमेंट्स, ग्रैंड मास्टर सहित विभिन्न ब्रांड की शराब और 61 बॉक्स बीयर शामिल हैं। बरामद शराब की कुल कीमत 5 लाख 22 हजार 960 रुपये आंकी गई है। इसके अलावा 1 लाख 50 हजार रुपये मूल्य का महिंद्रा जीतो वाहन भी जब्त किया गया।
पुलिस ने इस मामले में नोहा दीपक चव्हाण (28, निवासी शकुंतला नगर, मंठा चौफुली, जालना) तथा ‘रूपम वाइन्स’ के मालिक राम सेट के खिलाफ अपराध क्रमांक 520/2026 के तहत महाराष्ट्र दारूबंदी अधिनियम की धारा 65 (अ)(ई) के अंतर्गत मामला दर्ज किया है।
यह सफल कार्रवाई स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक पंकज जाधव, सहायक पुलिस निरीक्षक सचिन खामगळ, पुलिस उपनिरीक्षक राजेंद्र वाघ तथा पुलिस अमलदार लोखंडे, श्रीवास, करतारे और काळे की टीम ने अंजाम दी।
पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध धंधों और शराब तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
