Breaking NewsMumbaiPolitics

उद्धव ठाकरे को लग सकता है एक और झटका, चार विधायक शिंदे गुट में जाने की चर्चा तेज

मुंबई | प्रतिनिधि 

एकनाथ शिंदे के ‘ऑपरेशन टाइगर’ के बाद उद्धव ठाकरे की शिवसेना में लगातार टूट की चर्चाएं जारी हैं। हाल ही में ठाकरे गुट के छह सांसदों के शिंदे गुट में शामिल होने की खबरों के बीच अब कुछ विधायकों के भी पाला बदलने की अटकलें तेज हो गई हैं। इससे महाराष्ट्र की राजनीति में हलचल मच गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, उद्धव ठाकरे द्वारा बुलाई गई बैठक में चार विधायक अनुपस्थित रहे। इनमें राहुल पाटिल, सुनील शिंदे, संजय दरेकर और संजय पोतनिस के नाम शामिल हैं। इन विधायकों की गैरमौजूदगी के बाद उनके शिंदे गुट में शामिल होने की चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया है।

हालांकि, इन चर्चाओं को लेकर अलग-अलग कारण सामने आए हैं। बताया जा रहा है कि आदित्य ठाकरे के करीबी माने जाने वाले विधायक राहुल पाटिल विधान परिषद चुनाव की मतगणना और पार्टी कार्यक्रमों की तैयारियों में व्यस्त थे। वहीं सुनील शिंदे अपने गांव में धार्मिक पूजा-अर्चना के कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। संजय दरेकर भी चुनावी कार्यों में व्यस्त बताए जा रहे हैं। इन तीनों विधायकों के मंगलवार (23 जून) को मुंबई पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।

दूसरी ओर, संजय पोतनिस से अभी तक संपर्क नहीं हो सका है, जिसके कारण उनके राजनीतिक रुख को लेकर अटकलें जारी हैं।

बैठक में अनुपस्थिति को लेकर उठ रहे सवालों पर राहुल पाटिल ने सफाई देते हुए कहा कि मतगणना का काम चल रहा था और उद्धव ठाकरे के आगामी दौरे की तैयारियों में वे व्यस्त थे। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार का गलत संदेश नहीं लिया जाना चाहिए। राहुल पाटिल ने यह भी बताया कि वे हाल ही में मातोश्री में हुई बैठक में शामिल हुए थे।

वहीं विधायक सुनील शिंदे ने कहा कि गांव में पारिवारिक धार्मिक कार्यक्रम होने के कारण वे बैठक में उपस्थित नहीं हो सके। फिलहाल इन विधायकों के भविष्य को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button