AurangabadBreaking NewsPolitics

औरंगाबाद नगर निगम के कुछ पार्षदों की पात्रता पर सवाल, अंबादास दानवे ने मांगी जांच

औरंगाबाद | खासदार टाईम्स वृत्तसेवा 

विधान परिषद के पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं विधायक अंबादास दानवे ने औरंगाबाद नगर निगम के कुछ निर्वाचित वर्तमान पार्षदों की पात्रता पर गंभीर सवाल उठाते हुए नगर विकास विभाग के अपर मुख्य सचिव से विस्तृत जांच की मांग की है। उन्होंने पत्र लिखकर संबंधित पार्षदों के खिलाफ शिकायतों की गहन जांच कर दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है।

दानवे द्वारा भेजे गए पत्र में दावा किया गया है कि कुछ पार्षदों के संबंध में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं। इनमें तीन संतान संबंधी लागू प्रावधानों का उल्लंघन, सरकारी जमीन पर अतिक्रमण एवं अवैध निर्माण, गंभीर आपराधिक मामलों में नाम शामिल होना तथा अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और विशेष पिछड़ा वर्ग के आरक्षित वार्डों से निर्वाचित कुछ पार्षदों द्वारा निर्धारित समय सीमा में जाति वैधता प्रमाणपत्र प्रस्तुत नहीं करने जैसे मुद्दे शामिल हैं।

पत्र में कहा गया है कि ये सभी मामले अत्यंत गंभीर हैं और महाराष्ट्र महानगरपालिका अधिनियम सहित अन्य लागू कानूनों, नियमों एवं शासन निर्णयों के अनुसार संबंधित पार्षदों की सदस्यता और पात्रता पर प्रभाव डाल सकते हैं।

विधायक दानवे ने मांग की है कि प्रत्येक मामले की अलग-अलग जांच कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट की जाए तथा जो भी पार्षद दोषी पाए जाएं, उनके विरुद्ध कानून के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाए।

उन्होंने नगर विकास विभाग से यह भी अनुरोध किया है कि प्रत्येक प्रकरण से संबंधित पार्षद का नाम, वार्ड क्रमांक, मामले का स्वरूप, उपलब्ध अभिलेख, जांच की वर्तमान स्थिति, अब तक की गई कार्रवाई, आगे की प्रस्तावित कार्रवाई का समयबद्ध कार्यक्रम तथा यदि कोई कार्रवाई लंबित है तो उसके कारणों का विस्तृत प्रतिवेदन तत्काल प्रस्तुत किया जाए।

इस पत्र की प्रति औरंगाबाद नगर निगम आयुक्त को भी भेजी गई है। दानवे की इस मांग के बाद शहर के राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button