वक्फ संशोधन एक्ट को लेकर अबू आज़मी बोले– “बीजेपी के सारे काम मुसलमानों के खिलाफ”

वक्फ संशोधन एक्ट को लेकर देश की सियासत थमने का नाम नहीं ले रही है। विपक्षी दलों के साथ-साथ मुस्लिम नेता भी इस एक्ट के विरोध में लगातार बयानबाज़ी कर रहे हैं। अब समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष अबू आजमी ने एक बार फिर बीजेपी पर तीखा हमला बोला है।
अबू आजमी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के जितने भी फैसले हैं, वे मुसलमानों के खिलाफ हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी अपनी पार्टी में न तो किसी मुसलमान को विधायक या सांसद बनाती है और न ही मंत्रिमंडल में उन्हें कोई जगह देती है।
शायराना अंदाज़ में तंज कसते हुए उन्होंने कहा, “इरादे खंजर के नेक तो हो नहीं सकते, इनके जितने काम हैं, मुसलमानों के खिलाफ हैं। वक्फ बोर्ड से मुसलमानों का क्या करने जा रहे हैं? हज की सब्सिडी थी, वो भी आपने खत्म कर दी। ये सब मुसलमानों के खिलाफ हैं।”
‘अहिंसा’ बोलकर फिसली जुबान
वक्फ कानून के खिलाफ प्रदर्शन की बात करते हुए अबू आजमी ने सभी से मिलकर शांतिपूर्ण विरोध करने की अपील की। हालांकि इस दौरान उनकी जुबान फिसल गई और उन्होंने कह दिया, “अहिंसा बिल्कुल नहीं होनी चाहिए”, जबकि उनका आशय था कि “हिंसा बिल्कुल नहीं होनी चाहिए”।
दक्षिण भारत के मंदिरों और करणी सेना पर भी हमला
सिर्फ वक्फ एक्ट ही नहीं, बल्कि दक्षिण भारत के मंदिरों की संपत्तियों को लेकर भी अबू आजमी ने बीजेपी को घेरा। उन्होंने कहा, “साउथ के चार राज्यों में मंदिरों की 10 लाख एकड़ ज़मीन है। मैं पूछना चाहता हूं कि इस ज़मीन से कितने हिंदुओं को फायदा हुआ? क्या गरीब हिंदुओं को लाभ मिला?”
साथ ही आगरा में करणी सेना द्वारा सपा सांसद राम जी लाल सुमन के आवास पर किए गए हमले की भी उन्होंने निंदा की और कहा कि यह संविधान का उल्लंघन है। उन्होंने कहा, “संविधान ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन का अधिकार दिया है, न कि गुंडागर्दी करने का।”
