मैट्रिमोनियल साइट पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर 12 लड़कियों को फंसाकर लैंगिक दुष्कर्म करने वाला गिरफ्तार

मुंबई : वसई इलाके में वालिव पुलिस ने मैट्रिमोनियल साइट के माध्यम से 12 से अधिक लड़कियों को फंसाकर शादी करने और बलात्कार करने के आरोप में अहमदाबाद निवासी हिमांशु योगेशभाई पंचाल (26) को गिरफ्तार किया है। आरोपी खुद को क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताकर लड़कियों को अपने जाल में फंसाता था और उनसे आर्थिक ठगी भी करता था। पुलिस को संदेह है कि हिमांशु द्वारा ठगी और यौन शोषण की शिकार लड़कियों की संख्या और भी अधिक हो सकती है।
फर्जी प्रोफाइल बनाकर लड़कियों को फंसाया
हिमांशु ने एक मैट्रिमोनियल साइट पर अपना फर्जी प्रोफाइल बनाया, जिसमें उसने खुद को क्राइम ब्रांच के साइबर विभाग का अधिकारी बताया था। उसने खुद को धनी और उच्च वर्ग का बताते हुए बड़ा वेतन व संपत्ति होने का दावा किया। वह इस प्रोफाइल के जरिए कई लड़कियों से संपर्क करता और उन्हें मुंबई के वसई इलाके के होटलों में बुलाकर शादी का झांसा देता था। पहली मुलाकात में ही वह लड़कियों को शारीरिक संबंध बनाने के लिए मजबूर करता और बाद में नकदी और गहने ठगकर फरार हो जाता था।
शिकायत के बाद हुआ पर्दाफाश
मीरा रोड की रहने वाली 31 वर्षीय एक महिला ने 6 फरवरी को वालिव पुलिस स्टेशन में हिमांशु के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। महिला ने बताया कि हिमांशु ने शादी का झांसा देकर उसका यौन शोषण किया और आईफोन 16, नकदी व गहने ठग लिए। अहमदाबाद से लौटने के बाद जब उसने हिमांशु से संपर्क करने की कोशिश की, तो उसका फोन बंद था। ठगी का अहसास होने पर उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस की जांच और गिरफ्तारी
वालिव पुलिस स्टेशन के सहायक पुलिस निरीक्षक सचिन सानप ने बताया कि आरोपी हिमांशु पांचाल एक अच्छा वक्ता था और लड़कियों को प्रभावित करने के लिए एक ही समय में पांच आईफोन और एक लैपटॉप का इस्तेमाल करता था। उसने होटल के वाईफाई से लड़कियों को व्हाट्सएप कॉल पर बात करके अपनी पहचान छिपाई। तकनीकी विश्लेषण के बाद पुलिस ने अहमदाबाद से उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने डेढ़ साल में 12 से अधिक लड़कियों को ठगने की बात कबूल की है।
पुलिस को संदेह है कि गुजरात में भी उसने कई लड़कियों को अपना शिकार बनाया है। सामाजिक कलंक के डर से कई पीड़ित लड़कियां शिकायत दर्ज कराने से बच रही हैं। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।