Breaking NewsMumbai

बोरीवली: झांसी की रानी तालाब में 15 वर्षीय किशोर की डूबने से दर्दनाक मौत, गोपाल शेट्टी करेंगे बीएमसी के खिलाफ आंदोलन

मुंबई के बोरिवली इलाके में झांसी की रानी तालाब में नहाने गए 15 वर्षीय किशोर की डूबकर दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान अल्ताफ मोहम्मद शेख के रूप में हुई है। यह हादसा उस वक्त हुआ जब वह सुबह अपने दोस्तों के साथ तालाब में नहाने गया था।

स्थानीय लोगों ने बताया कि यह तालाब बीएमसी के अधीन है, लेकिन वहां कोई सुरक्षा व्यवस्था नहीं है। हादसे की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और अल्ताफ का शव बाहर निकाला गया।

घटना से इलाके में शोक की लहर फैल गई है। लोग बीएमसी की लापरवाही से बेहद नाराज हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि तालाब के चारों ओर कोई सुरक्षा इंतजाम नहीं हैं, जिससे बच्चों और युवाओं की जान पर खतरा बना रहता है।

इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए बीजेपी के पूर्व सांसद गोपाल शेट्टी ने बीएमसी अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि जब तक यह तालाब किसी संस्था की देखरेख में था, तब तक कोई समस्या नहीं थी। लेकिन बीएमसी के अधीन आने के बाद न तो रखरखाव किया गया और न ही सुरक्षा उपाय किए गए।

शेट्टी ने मांग की है कि बीएमसी के आर/सेंट्रल विभाग के सहायक आयुक्त और उपायुक्त पर तत्काल एफआईआर दर्ज की जाए। उन्होंने यह भी घोषणा की कि जब तक जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं होती, वे बीएमसी के खिलाफ धरना आंदोलन करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button