योगी राज में गुंडों का नंगानाच: बुर्का पहनी मुस्लिम महिला से बीच सड़क छेड़छाड़, वीडियो वायरल, पुलिस का डर नदारद

उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से महिला सुरक्षा को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के अहमद नगर इलाके में एक बुर्का पहनी महिला के साथ सरेराह छेड़छाड़ का वीडियो वायरल हुआ है। वायरल वीडियो में दिख रहा है कि महिला अपने छोटे बच्चे के साथ गली से गुजर रही थी, तभी बाइक सवार एक युवक आया और उसके साथ अश्लील हरकत करने की कोशिश की।
इस शर्मनाक घटना को पास में लगे सीसीटीवी कैमरे ने कैद कर लिया। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि आरोपी महिला को गलत तरीके से छूने की कोशिश करता है। घटना के बाद महिला आरोपी को गालियां देती और चिल्लाती दिखाई देती है, लेकिन तब तक युवक मौके से फरार हो चुका था।
20 मई की घटना, अब हुआ वीडियो वायरल
यह घटना 20 मई की बताई जा रही है, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई है। एसपी सिटी आयुष विक्रम ने कहा है कि वायरल वीडियो का संज्ञान लिया गया है। महिला और स्थान की पहचान हो गई है और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास तेज़ कर दिए गए हैं।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, तलाश जारी
मेरठ पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है और आरोपी की तलाश में जुट गई है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और सोशल मीडिया के माध्यम से भी आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
महिला सुरक्षा पर उठे सवाल
घटना के सामने आने के बाद एक बार फिर से महिला सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। बीच सड़क एक मां के साथ हुए इस दुस्साहसिक कृत्य ने आमजन को आक्रोशित कर दिया है और लोगों ने आरोपी की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की है।
