Breaking NewsCrime NewsPune

पुणे के वडगांव शेरी में पति ने पत्नी और उसके लिव-इन पार्टनर की प्रताड़ना से तंग आकर की आत्महत्या

पुणे के वडगांव शेरी इलाके से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक 39 वर्षीय व्यक्ति ने आत्महत्या कर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। मृतक की पहचान सिडनी लॉरेंस दोरायराज (39), निवासी शीलानंद हाउसिंग सोसायटी, सोमनाथनगर, वडगांव शेरी, के रूप में हुई है।

मृतक के बड़े भाई स्टैनली लॉरेंस दोरायराज की शिकायत पर चंदननगर पुलिस ने सिडनी की पत्नी स्वाती सिडनी दोरायराज (32) और उसके लिव-इन पार्टनर चेतन मोरे (35), निवासी श्रीनिवास टेनेमेंट, बड़ौदा, गुजरात के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार, सिडनी और स्वाती का विवाह वर्ष 2014 में हुआ था। लेकिन कुछ ही महीनों में स्वाती का चेतन मोरे नामक युवक के साथ प्रेम संबंध बन गया। बिना तलाक लिए ही वह चेतन के साथ रहने लगी और सिडनी से अलग हो गई।

हालांकि, कुछ समय बाद स्वाती ने सिडनी से कहा कि वह खुश नहीं है और फिर से उसके साथ रहना चाहती है। सिडनी ने उस पर विश्वास किया, लेकिन यह विश्वास उसकी जान का कारण बन गया। स्वाती ने अपने लिव-इन पार्टनर चेतन के साथ मिलकर सिडनी से बार-बार पैसे ऐंठे और कुल 15 लाख 18 हजार रुपये वसूले।

इतना ही नहीं, स्वाती ने सिडनी को धमकी दी कि अगर उसने पैसे नहीं दिए तो वह उस पर बलात्कार और प्रताड़ना का झूठा केस दर्ज कर देगी। इस मानसिक तनाव और धमकियों से परेशान होकर सिडनी ने आत्महत्या कर ली।

इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। चंदननगर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button