Breaking NewsIndia & The States

अमृतसर में जहरीली शराब का कहर जारी: मौतों का आंकड़ा पहुंचा 27, 8 की हालत गंभीर, 16 गिरफ्तार

पंजाब के अमृतसर जिले के मजीठा क्षेत्र में जहरीली शराब त्रासदी से मौतों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। वीरवार को एक और व्यक्ति की मौत के साथ अब तक कुल 27 लोगों की जान जा चुकी है। वहीं, आठ अन्य लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है और वे अस्पताल में भर्ती हैं।

यह त्रासदी मजीठा हलके के कई गांवों में फैली हुई है। अकेले भंगाली कला से सात, मराडी कला से पांच, थरियेवाल से तीन, करनाला से दो, भगवां से छह, पतालपुरी से दो, तलवंडी खुम्मन और गल्लोवाल खुलियां से एक-एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि हुई है।

पुलिस ने अब तक इस मामले में 16 लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि 18 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच में पता चला है कि जहरीली शराब में *मेथनॉल* (अत्यंत जहरीला रसायन) मिलाया गया था। मेथनॉल लुधियाना स्थित साहिल केमिकल्स से साबुन बनाने के नाम पर मंगवाया गया था।

पुलिस ने इस सप्लाई में शामिल पंकज कुमार उर्फ साहिल और अरविंद कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में उन्होंने बताया कि मुख्य आरोपी साहिब सिंह ने उन्हें धोखे में रखकर यह केमिकल मंगवाया और इसका इस्तेमाल शराब बनाने में किया।

राज्य प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अवैध शराब से सावधान रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button