MBBS पास बेटी ने 12वीं पास युवक से की शादी, नाराज़ पिता ने हल्दी रस्म के दौरान चलाई गोली; बेटी की मौत, दामाद गंभीर घायल, ससुर वेंटिलेटर पर

जलगांव जिले की चोपड़ा तहसील में शनिवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना घटी। एमबीबीएस पास युवती त्रिप्ती वाघ ने एक 12वीं पास युवक अविनाश वाघ से शादी कर ली थी। इस शादी से नाराज़ युवती के पिता किरण मांगले ने अपनी ही बेटी को गोलियों से भून डाला।
घटना उस वक्त हुई जब त्रिप्ती वाघ अपने ससुराल पक्ष की हल्दी रस्म में शामिल होने आई थीं। इस दौरान उसके पिता किरण मांगले अपने बेटे निखिल को लेकर मौके पर पहुंचे और अचानक अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से बेटी त्रिप्ती पर गोली चला दी। गोली लगते ही त्रिप्ती जमीन पर गिर गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
गोलीबारी में त्रिप्ती का पति अविनाश वाघ भी घायल हो गया। उसे गंभीर हालत में पुणे के ससून अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के बाद वहां मौजूद लोगों ने आरोपी पिता की जमकर पिटाई की। उसे जळगांव के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां वह वेंटिलेटर पर है। पुलिस ने आरोपी पिता किरण मांगले और उसके बेटे निखिल मांगले को गिरफ्तार कर लिया है।
अविनाश की मां की शिकायत पर पुलिस ने दोनों आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) और शस्त्र अधिनियम की धाराओं के तहत हत्या और हत्या की कोशिश का मामला दर्ज किया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है और लोगों में गहरा आक्रोश है।
