शनि शिंगणापुर मंदिर से मुस्लिम कर्मचारियों को हटाने की मांग: आस्था का सम्मान या नफ़रत की राजनीति?

महाराष्ट्र के प्रसिद्ध शनि शिंगणापुर मंदिर में कार्यरत मुस्लिम कर्मचारियों को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। 21 मई 2025 को मंदिर के पवित्र चबूतरे पर कुछ मुस्लिम कर्मचारियों द्वारा ग्रिल लगाने का कार्य किया गया, जिसके बाद मंदिर की सात्त्विकता और परंपराओं का हवाला देते हुए महाराष्ट्र मंदिर महासंघ ने सभी मुस्लिम कर्मचारियों को हटाने की मांग कर दी।
महासंघ के राष्ट्रीय संगठक सुनील घनवट ने इस घटना को मंदिर की मर्यादा के विरुद्ध बताते हुए कहा कि शनि शिंगणापुर जैसे पवित्र स्थल पर मांसाहारी और अन्य धर्म के लोगों को कार्य देना हिंदू आस्था पर सीधा आघात है। उन्होंने मांग की कि मंदिर में कार्यरत लगभग 300 मुस्लिम कर्मचारियों को तत्काल हटाया जाए और उन्हें नियुक्त करने वाले अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाए। घनवट ने चेतावनी दी कि यदि यह मांग पूरी नहीं हुई, तो राज्यभर में जन आंदोलन छेड़ा जाएगा।
यह विवाद केवल प्रशासनिक नहीं, बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक रूप से भी गंभीर है। सवाल यह उठता है कि क्या किसी भी धार्मिक स्थल पर कार्य करने के लिए धर्म एकमात्र योग्यता का मापदंड होना चाहिए? क्या हिंदू धर्म, जो ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ की भावना का प्रतीक रहा है, इतनी संकीर्ण परिभाषा में सिमट सकता है कि किसी व्यक्ति की श्रद्धा या कर्तव्यनिष्ठा को उसके धर्म के आधार पर नकार दिया जाए?
यह पहली बार नहीं है जब मंदिरों में कार्यरत गैर-हिंदू कर्मचारियों को लेकर विवाद खड़ा हुआ है। इससे पहले तिरुपति बालाजी मंदिर में भी इसी प्रकार की घटना हुई थी, जिसके बाद वहां केवल हिंदू कर्मचारियों की नियुक्ति का आदेश दिया गया था।
लेकिन इस पूरे घटनाक्रम के बीच सबसे चिंताजनक बात यह है कि धार्मिक आस्था की आड़ में समाज में धार्मिक वैमनस्य और घृणा को बढ़ावा दिया जा रहा है। यदि किसी व्यक्ति ने मंदिर की मर्यादा का उल्लंघन किया है, तो उसकी जांच होनी चाहिए, लेकिन पूरे समुदाय को दोषी ठहराना न केवल असंवैधानिक है, बल्कि मानवीय मूल्यों के भी विरुद्ध है।
हिंदू धर्म सहिष्णुता, करुणा और समावेश की परंपरा वाला धर्म रहा है। क्या अब वह इतना असहिष्णु हो गया है कि किसी मंदिर में काम करने वाला व्यक्ति सिर्फ इसलिए अयोग्य मान लिया जाए क्योंकि वह मुस्लिम है?
इस सवाल का उत्तर समाज को, प्रशासन को और हर उस व्यक्ति को देना होगा, जो धर्म के नाम पर नफरत को स्वीकार करने लगा है। धार्मिक आस्था के नाम पर यदि सामाजिक सौहार्द और मानवता को पीछे छोड़ दिया जाए, तो यह सिर्फ धर्म का नहीं, पूरे समाज का पतन है।
