Breaking NewsEditorialMumbai

इंसानियत हुई शर्मसार, 12 साल की बच्ची बनी 200 दरिंदों का शिकार!

Writer : Feroz Aashiq

मुंबई: नालासोपारा के नाईगांव में मानव तस्करी और सेक्स रैकेट का ऐसा भयानक खुलासा हुआ है जिसने हर किसी के रोंगटे खड़े कर दिए हैं। मात्र 12 वर्ष की एक नन्ही बच्ची, जो बांग्लादेश की रहनेवाली है, को इस क्रूर जगत से बचाया गया, लेकिन उसके साथ हुए अत्याचार की सच्चाई ने समाज और प्रशासन के दिलों को झकझोर दिया है।

यह मासूम बच्ची, जिसे 26 जुलाई को एक्सोडस रोड इंडिया फाउंडेशन और हार्मनी फाउंडेशन जैसी जागरूक संस्थाओं की मदद से पुलिस ने रेस्क्यू किया, ने अपनी आपबीती सुनाते हुए बताया कि उसे गुजरात के नाडियाड ले जाया गया था, जहां तीन महीनों में उसके साथ 200 से अधिक लोगों ने अमानवीय अत्याचार किए। सोचिए, इस नन्ही जान के साथ हुई इतनी घिनौनी हरकतें जो किसी भी सभ्य समाज के लिए शर्मनाक हैं।

हार्मनी फाउंडेशन के संस्थापक अब्राहम मथाई ने बताया कि बच्ची की काउंसलिंग के वक्त उसकी बेबसी और दर्द ने सभी को स्तब्ध कर दिया। वह बच्ची, जो स्कूल में पढ़ती थी, एक परीक्षा में फेल होने के डर से घर से भाग निकली थी, लेकिन उसके लिए ये भागना उसके लिए एक बर्बादी थी। भारत पहुंचते ही उसे निर्दयी लोगों ने फंसा लिया और बदले में उसे इंसानों का सबसे काला धंधा, देह व्यापार, में फंसा दिया गया।

पुलिस ने इस मामले में अब तक 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, लेकिन असल लड़ाई तो उन 200 से ज्यादा लोगों के खिलाफ है, जिन्होंने इस मासूम के साथ अमानवीय अत्याचार किए। पुलिस कमिश्नर निकेत कौशिक ने पूरे नेटवर्क का पता लगाने और बच्चों के लिए सुरक्षित माहौल बनाने का आश्वासन दिया है, लेकिन क्या प्रशासन पूरी गंभीरता से इस काले चक्र को खत्म करने का संकल्प लेगा?

एक्टिविस्ट मधु शंकर के शब्द भी बहुत चिंताजनक हैं—वे बताते हैं कि छोटी बच्चियों को गांवों से शहरों में लाकर, उनका शोषण किया जाता है, और उन्हें जल्दी जवान बनाने के लिए हार्मोनल इंजेक्शन तक दिए जाते हैं। यह एक संगठित और क्रूर मानव तस्करी नेटवर्क है जो मासूमों के जीवन से खेल रहा है।

यह कहानी बस एक बच्ची की नहीं, हजारों लड़कियों की है जिन्हें समाज और प्रशासन की नाक के नीचे दर्द और अत्याचार सहने को मजबूर किया जा रहा है। समय आ गया है कि हम सब—सरकार, कानून व्यवस्था, समाज के प्रत्येक वर्ग—मिलकर इस मानव तस्करी और सेक्स रैकेट के काले साए को समाप्त करने के लिए कड़े कदम उठाएं। केवल पुलिस छापे और गिरफ्तारी ही काफी नहीं, बल्कि बच्चों की सुरक्षा के लिए सख्त कानून, जागरूकता अभियान, और उनके पुनर्वास हेतु पूरी नैतिक जिम्मेदारी भी निभानी होगी।

इस सनसनीखेज खुलासे को देखकर हम सभी की आंखें खुलनी चाहिए, हमारी निष्ठा और मानवता की परीक्षा हो रही है। आखिर कब तक मासूमों का भविष्य धू-धू कर जलता रहेगा? कब तक निर्दोष बच्चियां इस जाल में फंसती रहेंगी? इसे रोकने के लिए अब और इंतजार नहीं किया जा सकता, क्योंकि हर रेस्क्यू की ये दुखद कहानी हमारी चेतना को झकझोरती रहेगी। जोरदार जागरूकता, सख्त कार्रवाई, और एकजुट समाज ही इस लड़ाई में हमारा हथियार बन सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button