SIR प्रक्रिया को लेकर राज्यव्यापी जनजागरण अभियान की घोषणा, जमात-ए-इस्लामी हिंद महाराष्ट्र 1 मार्च से 1 मई 2026 तक चलाएगा व्यापक जागरूकता अभियान

जालना/कादरी हुसैन
महाराष्ट्र में अप्रैल 2026 से प्रस्तावित एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) प्रक्रिया के मद्देनज़र जमात-ए-इस्लामी हिंद महाराष्ट्र ने राज्यभर में व्यापक जनजागरण अभियान चलाने की घोषणा की है। यह अभियान 1 मार्च से 1 मई 2026 तक संचालित किया जाएगा।
संस्था के राष्ट्रीय एवं सामाजिक विषयों के सचिव अब्दुल मजीब शेख ने जानकारी देते हुए बताया कि अन्य राज्यों के अनुभवों में एसआईआर प्रक्रिया के दौरान बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटने की घटनाएं सामने आई थीं, जिससे नागरिकों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। इसी पृष्ठभूमि में महाराष्ट्र में समय रहते जागरूकता फैलाने का निर्णय लिया गया है।
अभियान के अंतर्गत राज्य को छह विभागों में विभाजित कर प्रत्येक विभाग में जिम्मेदार पदाधिकारियों की निगरानी में जिला एवं स्थानीय स्तर पर बैठकें आयोजित की जाएंगी। सदस्यों, कार्यकर्ताओं, जिला एवं शहर प्रमुखों तथा स्थानीय अमीरों के साथ विशेष बैठकों में एसआईआर की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज़, संभावित समस्याएं और समाधान पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया जाएगा।
नागरिकों की सुविधा के लिए ऑनलाइन एवं ऑफलाइन हेल्प डेस्क स्थापित किए जाएंगे। इन हेल्प डेस्क के माध्यम से मतदाता सूची से संबंधित दस्तावेज़ों की तैयारी, आवश्यक कागजातों की जानकारी और प्रक्रिया संबंधी मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही एक विशेष हेल्पलाइन शुरू करने की भी घोषणा की गई है।
अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित कर स्थानीय कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया जाएगा। आईटी क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों का सहयोग लेकर डिजिटल माध्यमों से भी जागरूकता बढ़ाई जाएगी।
संस्था के अमीर मौलाना इलियास खान फलाही ने कहा कि मस्जिदों के इमामों, उलेमा, सामाजिक, शैक्षणिक और सामुदायिक प्रतिनिधियों के साथ बैठकें कर व्यापक स्तर पर संवाद स्थापित किया जाएगा। जुम्मा और ईद के ख़ुत्बों, मस्जिदों की घोषणाओं तथा वीडियो संदेशों के माध्यम से भी लोगों तक जानकारी पहुंचाई जाएगी।
मीडिया और रचनात्मक साधनों का उपयोग करते हुए शॉर्ट वीडियो, लघु फिल्में और नुक्कड़ नाटक जैसे माध्यमों से आम नागरिकों को जागरूक किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर संस्था के प्रतिनिधि भारत निर्वाचन आयोग से भी भेंट कर संभावित समस्याओं पर चर्चा करेंगे।
अभियान को सफल बनाने के लिए शीघ्र ही राज्यस्तरीय स्वतंत्र टीम गठित कर उन्हें जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी।
जारीकर्ता:
अरशद शेख
सचिव, मीडिया विभाग
जमात-ए-इस्लामी हिंद, महाराष्ट्र
दारुल फ़ैज़, सातवीं मंज़िल, इक़बाल कमाली जंक्शन,
4, सांकली स्ट्रीट, मदनपुरा, भायखला (पश्चिम), मुंबई – 400008
मो.: 9717424918
ई-मेल: mediacell@jihmaharashtra.org