पिशोर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 2.24 लाख रुपये की अवैध देशी-विदेशी शराब जब्त

कन्नड़ | अशरफ़ अली
पिशोर पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 2 लाख 24 हजार 80 रुपये मूल्य की देशी और विदेशी शराब का अवैध जखीरा जब्त किया है। इस मामले में एक व्यक्ति के खिलाफ महाराष्ट्र दारूबंदी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस को मिली गोपनीय सूचना के आधार पर चिंचोली ली., तहसील कन्नड़ निवासी विनोदकुमार रामगोपाल जैस्वाल (48) के घर पर छापा मारा गया। तलाशी के दौरान बिना किसी वैध लाइसेंस के बिक्री के उद्देश्य से बड़ी मात्रा में देशी एवं विदेशी शराब का अवैध भंडारण पाया गया। पुलिस ने मौके से विभिन्न ब्रांड की शराब जब्त की, जिसकी कुल कीमत 2,24,080 रुपये बताई गई है।
इस मामले में पिशोर पुलिस थाने में महाराष्ट्र दारूबंदी अधिनियम की धारा 65(ई) के तहत विनोदकुमार रामगोपाल जैस्वाल के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है। मामले की आगे की जांच पुलिस कर रही है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक प्रकाश भा. जाधव, अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत स्वामी तथा सहायक पुलिस अधीक्षक अपराजिता अग्निहोत्री (कन्नड़ उपविभाग) के मार्गदर्शन में सहायक पुलिस निरीक्षक कुणाल सूर्यवंशी के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में पुलिस उपनिरीक्षक विश्वजीत फरताडे सहित पिशोर पुलिस तथा सहायक पुलिस अधीक्षक कार्यालय की संयुक्त टीम ने भाग लिया।