Breaking NewsCrime NewsJalna

जालना मीट मार्केट हंगामा: 25–30 लोगों पर केस दर्ज, फॉरेंसिक जांच शुरू, एक हिरासत में

जालना | कादरी हुसैन

जालना शहर के पुराने जालना स्थित मीट मार्केट में हुए हंगामे के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 25 से 30 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। कदीम जालना पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए मोबाइल फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और पुलिस ने पंचनामा भी किया।

जानकारी के अनुसार, कथित अवैध गोमांस बिक्री की सूचना पर बजरंग दल के कार्यकर्ता और गोरक्षक पुलिस के साथ मीट मार्केट पहुंचे थे। जांच के दौरान कुछ मांस जब्त किया गया। इसी दौरान बजरंग दल कार्यकर्ताओं, गोरक्षकों और मीट विक्रेताओं के बीच तीखी बहस हुई, जो देखते ही देखते हंगामे में बदल गई।

घटना के बाद गोरक्षकों ने जब्त किया गया मांस लेकर महानगरपालिका कार्यालय के सामने धरना दिया। इसके बाद महानगरपालिका प्रशासन ने कथित अवैध दुकानों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जेसीबी की मदद से कई दुकानों को हटाया।

पुलिस अब घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों और फॉरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि हंगामे में शामिल सभी लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद कुछ समय के लिए पुराने जालना क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल रहा, हालांकि फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और एहतियात के तौर पर इलाके में पुलिस बल तैनात किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button