औरंगाबाद जिले में आकाशीय बिजली का कहर, पांच लोगों की मौत

औरंगाबाद • खासदार टाईम्स वृत्तसेवा
सूखे की स्थिति के कगार पर पहुंच चुके मराठवाड़ा के कुछ जिलों में गुरुवार को अचानक तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। औरंगाबाद जिले के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश हुई। इस दौरान दो अलग-अलग घटनाओं में आकाशीय बिजली गिरने से पांच लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक पति-पत्नी भी शामिल हैं।
औरंगाबाद जिले के सिल्लोड तालुका में कुछ स्थानों पर तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। दहिगांव क्षेत्र में गरज-चमक के साथ हुई बारिश के दौरान दो लोगों की मौत हो गई। बारिश शुरू होने के बाद खेत में बनी झोपड़ी में बैठे पति-पत्नी पर बिजली गिर गई। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की जानकारी आसपास के लोगों ने प्रशासन को दी। सूचना मिलते ही प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
तीन महिलाओं की मौत, दो महिलाएं और एक पुरुष घायल
औरंगाबाद जिले के कन्नड़ तालुका के पिशोर में भी आकाशीय बिजली गिरने की घटना हुई। यहां बिजली गिरने से तीन महिलाओं की मौत हो गई, जबकि दो महिलाएं और एक पुरुष घायल हुए हैं।
घायलों को तत्काल उपचार के लिए औरंगाबाद के शासकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तीनों घायलों का फिलहाल अस्पताल में उपचार जारी है।
