शादी का झांसा देकर 25 वर्षीय युवती से बार-बार अत्याचार, विवाहित सैलून चालक पर मामला दर्ज

औरंगाबाद • खासदार टाईम्स वृत्तसेवा
सैलून में काम करने वाली 25 वर्षीय युवती को शादी का झांसा देकर उसके साथ बार-बार शारीरिक संबंध बनाने और बाद में शादी से इनकार करने का मामला सिडको इलाके में सामने आया है। आरोप है कि सैलून चालक पहले से ही विवाहित था और उसने युवती को धोखे में रखकर उसके साथ संबंध बनाए। शादी के लिए दबाव डालने पर उसने युवती के साथ मारपीट करते हुए शादी से साफ इनकार कर दिया। इस मामले में सिडको पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है। आरोपी का नाम वनेश्वर फकीरराव पंडित (निवासी पिसादेवी) बताया गया है।
पीड़ित युवती के अनुसार, वह वनेश्वर पंडित के हडको स्थित सैलून में ब्यूटिशियन के रूप में काम करती थी। इसी दौरान दोनों में दोस्ती हुई और बाद में दोस्ती प्रेम संबंध में बदल गई। आरोप है कि वनेश्वर ने उसे शादी का झांसा देकर सैलून में ही उसके साथ बार-बार शारीरिक संबंध बनाए।
कुछ समय बाद युवती को पता चला कि वनेश्वर पहले से विवाहित है और उसकी एक बेटी भी है। जब उसने इस बारे में सवाल किया तो वनेश्वर ने कथित तौर पर कहा कि उसके अपनी पत्नी से संबंध ठीक नहीं हैं, वह उसे तलाक देगा और युवती से ही शादी करेगा। इसके बाद दोनों ने मिलकर सैलून की दूसरी शाखा शुरू की। आरोप है कि वहां भी युवती के साथ अत्याचार जारी रहा।
जब युवती को लगा कि वनेश्वर केवल समय बिता रहा है और शादी को टाल रहा है, तो उसने अपनी पार्टनरशिप वापस ले ली और सैलून अपने नाम कर लिया। उसने वनेश्वर से संपर्क भी तोड़ दिया। हालांकि, आरोप है कि वनेश्वर इसके बाद भी बार-बार उससे मिलने आता रहा।
युवती ने जब उससे पूछा कि वह अपनी पत्नी को वापस घर ले आया है, तो उससे शादी कब करेगा, इस पर वनेश्वर ने कथित तौर पर कहा कि वह पत्नी को तलाक देने के लिए ही वापस लाया है। इसके बाद वह युवती को फिर फुलंब्री के एक होटल में ले गया, जहां उसके साथ अत्याचार करने का आरोप है।
6 सितंबर को युवती ने दोबारा शादी का मुद्दा उठाया तो आरोप है कि वनेश्वर ने उसे गाली-गलौज करते हुए हाथ से मारपीट की और शादी करने से स्पष्ट इनकार कर दिया। इसके बाद युवती ने बुधवार, 9 सितंबर को सिडको पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। मामले की आगे की जांच सहायक निरीक्षक योगेश गायकवाड़ कर रहे हैं।